मुंबई पुलिस को चमका देना पड़ा भारी, हिंदुस्तानी भाऊ गिरफ्तार, एफआईआर भी दर्ज, जानें पूरा मामला
By दीप्ती कुमारी | Updated: May 9, 2021 11:22 IST2021-05-09T11:20:17+5:302021-05-09T11:22:14+5:30
रियलिटी शो बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टटेंट विकास फतक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ को मुंबई में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पुलिस को चकमा देकर एम्बुलेंस से विरोध प्रदर्शन करने शिवाजी पार्क पहुंचा था।

फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
मुंबई: मुंबई की शिवाजी पार्क पुलिस ने शनिवार को कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के लिए विकास फतक उर्फ 'हिंदुस्तानी भाऊ' को गिरफ्तार कर लिया। कोविड प्रतिबंधों के अनुसार महाराष्ट्र में बिना किसी बेहद जरूरी कारण के कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक रूप से नहीं घूम सकता है। हिंदुस्तानी भाऊ को इसी का उल्लंघन करने के लिए गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एफआईआर भी दर्ज की गई है।
'हिंदुस्तानी भाऊ' ने किया था शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान
रियलिटी शो बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी फतक ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया था कि वह शनिवार दोपहर को शिवाजी पार्क में छात्रों के लिए प्रदर्शन करेंगे और सरकार से सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मांग करेंगे।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार 'हिंदुस्तानी भाऊ' ने बकायदा इसकी तैयारी भी की और एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की ताकि वह पुलिस को चकमा देकर शिवाजी पार्क तक की यात्रा कर सकें। दरअसल एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन सेवा की श्रेणी में आती है और इसे आमतौर पर नहीं रोका जाता है ।
इसके बाद वह शिवाजी पार्क पहुंच गया था जहां उसे स्थानीय पुलिस द्वारा दोपहर करीब 12.30 बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस जब उसे ले जा रही थी तो करीब 15 मीडियाकर्मियों ने उसे घेर रखा था जो पहले ही वहां पहुंचे हुए थे। बहरहाल, इस दौरान उसने महाराष्ट्र में सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मांग रखी।
पुलिस ने हिंदुस्तानी भाऊ की हरकत को बताया 'पब्लिसिटी स्टंट'
फतक के एम्बुलेंस से यात्रा करने के सवाल पर जोन 5 के डीसीपी प्रणय अशोक ने बताया, 'हां , यह ये उसके खुद के प्रचार का पैंतरा था, जो चिकित्सा सुविधा का दुरुपयोग कर किया जा रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और एफआईआर दर्ज की गई है। उसके खिलाफ आपदा से संबंधित धारा 269 , 51 (बी) , महाराष्ट्र कोविड-19 अधिनियम और सरकारी आदेश की अवज्ञा करने के लिए धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
'हिंदुस्तानी भाऊ' का एक यूट्यूब चैनल भी था जहां वह कई लोगों और खासकर मशहूर हस्तियों के बारे में अभद्र टिप्पणियां करता था। इस कारण से उसका यूट्यूब चैनल भी बंद कर दिया गया था।