मुंबई: मंत्री के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिये गए भाजपा सांसद, कार्यकर्ता
By भाषा | Updated: December 28, 2021 20:46 IST2021-12-28T20:46:29+5:302021-12-28T20:46:29+5:30

मुंबई: मंत्री के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिये गए भाजपा सांसद, कार्यकर्ता
मुंबई, 28 दिसंबर भाजपा के लोकसभा सदस्य गोपाल शेट्टी ने मंगलवार को कहा कि उन्हें और पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने आज उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे महाराष्ट्र के खेल मंत्री सुनील केदार के दक्षिण मुंबई स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे।
शेट्टी ने कहा कि भाजपा ने 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कांदिवली में एक खेल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा के अनावरण की योजना बनाई थी। यह स्थान उनके निर्वाचन क्षेत्र ‘मुंबई’ उत्तर का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “आखिरी समय में राज्य सरकार द्वारा कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया था। चूंकि यह विभाग सुनील केदार के पास है, इसलिए हमने उनके घर के बाहर धरना देने का फैसला किया था।’’
शेट्टी ने कहा कि उन्होंने पुलिस को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा केदार के घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन करने की योजना के बारे में सूचित कर दिया था, इसके बावजूद उनकी कार नरीमन प्वाइंट पर रोक दी गई थी।
भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस द्वारा विधानसभा में इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद उन्हें (हिरासत से) रिहा किया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।