मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित, बिहार में भी एक दिवसीय राजकीय शोक
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 10, 2022 14:02 IST2022-10-10T13:52:22+5:302022-10-10T14:02:29+5:30
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सपा संस्थापक के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यादव के पुत्र सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि यादव के निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तंभ और एक संघर्षशील युग का अंत हो गया है।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित, बिहार में भी एक दिवसीय राजकीय शोक
लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अनेक नेताओं ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने सपा नेता के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। वहीं बिहार सरकार ने भी मुलायम सिंह के निधन पर 10 अक्टूबर को एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।
मुलायम सिंह यादव को अगस्त में मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था और पिछली दो अक्टूबर को निम्न रक्तचाप और ऑक्सीजन की कमी की शिकायत पर उन्हें अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित किया गया था। सपा ने अपने ट्विटर हैंडल से दी गई जानकारी में बताया कि मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर मेदांता अस्पताल से सैफई लाया जा रहा है। अंतिम संस्कार मंगलवार अपराह्न तीन बजे किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सपा संस्थापक के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यादव के पुत्र सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि यादव के निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तंभ और एक संघर्षशील युग का अंत हो गया है। बाद में उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यादव का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। वह खुद भी सैफई जाकर राज्य की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक जुझारू और संघर्षशील नेता तथा समाजवादी विचारधारा से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे। वह संघर्षों से तपे बढ़े और प्रदेश की राजनीति में पांच दशक तक केंद्र बिंदु बने रहे। उन्होंने लंबे समय तक देश और राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।
उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुलायम सिंह यादव जी का निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि। उनका निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे बड़े समाजवादी नेता थे। वे देश के रक्षा मंत्री भी रहे। वे गरीबों के अधिकारों के लिए लड़नेवाली प्रभावी आवाजों में से एक थे। नीतीश ने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनसे हमारा व्यक्तिगत लगाव था। उनके निधन से मुझे काफी दुःख पहुंचा है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें तथा उनके परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दें।