Nakud Seat Result 2022: मुकेश चौधरी ने धर्म सिंह सैनी को हराया, भाजपा छोड़ सपा में हुए थे शामिल
By मनाली रस्तोगी | Updated: March 10, 2022 17:42 IST2022-03-10T17:30:55+5:302022-03-10T17:42:20+5:30
चुनाव से कुछ समय पहले ही भाजपा का दामन छोड़ सपा में शामिल हुए धर्म सिंह सैनी भी चुनाव हार गए हैं। बता दें कि धर्म सिंह सैनी को भाजपा के मुकेश चौधरी से शिकस्त मिली है।

Nakud Seat Result 2022: मुकेश चौधरी ने धर्म सिंह सैनी को हराया, भाजपा छोड़ सपा में हुए थे शामिल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। इस बीच सामने आ रहे रुझानों के अनुसार चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी का दामन छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य और धर्म सिंह सैनी चुनाव हार गए हैं। मौर्य कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से मैदान में उतरे थे तो वहीं सहारनपुर की नकुड़ सीट से धर्म सिंह सैनी चुनाव लड़ रहे थे। बता दें कि धर्म सिंह सैनी को भाजपा के मुकेश चौधरी से शिकस्त मिली है।
मालूम हो, चुनाव शुरू होने से कुछ समय पहले ही सैनी भाजपा का साथ छोड़ सपा में शामिल हुए थे। समाजवादी पार्टी ज्वाइन करने वाले सैनी अकेले नहीं थे। उनके अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान भी सपा में शामिल हुए। हालांकि, मौर्य भी फाजिलनगर सीट से चुनाव हार गए हैं। भाजपा के सुरेंद्र कुमार कुशवाह ने 30601 मतों से मात दी। मौर्य को 36346 वोट मिले और भाजपा को 66947 मिले।
समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई।
— Swami Prasad Maurya (@SwamiPMaurya) March 10, 2022
जनादेश का सम्मान करता हूँ।
चुनाव हारा हूँ, हिम्मत नहीं।
संघर्ष का अभियान जारी रहेगा।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई। जनादेश का सम्मान करता हूं। चुनाव हारा हूं, हिम्मत नहीं। संघर्ष का अभियान जारी रहेगा। भाजपा को वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में 47 सीटें हासिल हुई थीं जबकि वर्ष 2017 के चुनाव में उसने 312 सीटों पर विजय प्राप्त की थी। मौर्य वर्ष 2009 का लोकसभा चुनाव कुशीनगर सीट से आरपीएन सिंह से हार चुके हैं। मौर्य वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव से ऐन पहले बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।