पूर्णिया में दर्ज तीन मामलों में जमानत, जब भी मामले की सुनवाई हो सशरीर उपस्थित होना होगा?, सांसद पप्पू यादव को राहत
By एस पी सिन्हा | Updated: February 13, 2026 16:29 IST2026-02-13T16:27:10+5:302026-02-13T16:29:28+5:30
पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर सवाल उठाए थे।

file photo
पटनाःबिहार में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना के अलग-अलग थानों समेत पूर्णिया में दर्ज तीन मामलों में जमानत मिल गई है। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें उन सभी तीन मामलों में जमानत दे दी है, जिनकी वजह से वे न्यायिक हिरासत में थे। इनमें कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से जुड़े केस भी शामिल हैं। बता दें कि पप्पू यादव को गर्दनीबाग केस में पहले ही राहत मिल चुकी थी। कोर्ट ने जमानत देते हुए ये भी आदेश दिया है कि जब भी मामले की सुनवाई होगी उन्हें सशरीर उपस्थित होना होगा। बता दें कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी 31 साल पुराने मामले में 6 फरवरी को हुई थी।
कोर्ट से उन्हें इस केस में जमानत मिल गई थी। लेकिन 2 और केस जोड़ दिए गए थे। एक मामला वर्ष 2017 का है, जबकि दूसरा 2019 में दर्ज हुआ था। इन नए मामलों के जुड़ने से कानूनी पेंच और जटिल हो गए थे। दोनों मामलों में कोर्ट ने उन्हें फिर से जेल भेज दिया था। 9 जनवरी से पटना सिविल कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही थी।
हर तारीख पर बहस होती रही, लेकिन राहत नहीं मिल पा रही थी। उनके समर्थकों की नजर भी फैसले पर टिकी थी। आखिरकार शुक्रवार को कोर्ट ने उन्हें राहत दे दी। अब जमानत मिलने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर सवाल उठाए थे। वहीं पप्पू यादव लगातार नीट छात्रा मौत मामले में सरकार पर आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, कोर्ट से जामनत मिलने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है।