MP News: महाकाल मंदिर के पास बुलडोजर एक्शन, 16 अवैध इमारतें जमीदोज; हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट स्टे हटने के बाद शुरू हुई बड़ी कार्रवाई
By मुकेश मिश्रा | Updated: March 24, 2026 12:28 IST2026-03-24T12:28:20+5:302026-03-24T12:28:28+5:30
MP News: महाकालेश्वर मंदिर के पास बेगमबाग इलाके में अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

MP News: महाकाल मंदिर के पास बुलडोजर एक्शन, 16 अवैध इमारतें जमीदोज; हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट स्टे हटने के बाद शुरू हुई बड़ी कार्रवाई
MP News: महाकालेश्वर मंदिर के निकट मुस्लिम बाहुल्य बेगमबाग क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई शुरू की। आधा दर्जन पोकलेन और बुलडोजर की मदद से 16 अवैध इमारतों को जमीदोज किया जा रहा है। यह कार्रवाई लोअर कोर्ट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से स्टे समाप्त होने के बाद शुरू हुई है।
कार्रवाई महाकाल मंदिर के मुख्य द्वार नीलकण्ठ द्वार के पास से आरंभ की गई।
उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के 45 आवासीय भूखंडों पर धर्म विशेष के लोगों ने नियम विरुद्ध तरीके से 90 हिस्सों में बांटकर व्यावसायिक निर्माण कर लिए थे। पूर्व में इसी क्षेत्र में 42 अवैध इमारतें ढाही जा चुकी हैं।
यूडीए के सीईओ के नेतृत्व में 50 पुलिस अधिकारी-जवान, 50 नगर निगम कर्मी और प्रशासनिक अमला तैनात है। भारी सुरक्षा के बीच चली इस कार्रवाई से इलाके में तनाव बना रहा, लेकिन प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से काम जारी रखा।
हरि फाटक ब्रिज चौड़ीकरण को मिलेगी गति
इस कार्रवाई से हरि फाटक ब्रिज चौड़ीकरण और महाकाल मंदिर पहुंच मार्ग योजना का कार्य तेज होगा। यूडीए अधिकारियों के अनुसार, ये अतिक्रमण हटने से विकास योजनाएं पटरी पर लौटेंगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। स्थानीय निवासियों ने भी इसे स्वागतयोग्य कदम बताया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केवल अवैध निर्माण ही लक्ष्य हैं, और कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा। आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।