काबुल की जेल में बंद केरल की महिला की मां ने मदद की गुहार लगाई

By भाषा | Updated: August 16, 2021 20:56 IST2021-08-16T20:56:14+5:302021-08-16T20:56:14+5:30

Mother of Kerala woman jailed in Kabul pleads for help | काबुल की जेल में बंद केरल की महिला की मां ने मदद की गुहार लगाई

काबुल की जेल में बंद केरल की महिला की मां ने मदद की गुहार लगाई

केरल की महिला निमिषा फातिमा एक हमले में अपने पति की मौत के बाद से अफगानिस्तान की एक जेल में बंद है। महिला का पति आतंकवादी संगठन आईएस का सदस्य था। काबुल पर तालिबान के नियंत्रण के बाद फातिमा की मां ने सोमवार को कहा कि वह अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार उनकी बेटी को भारत वापस लाने के लिए प्रयास करेगी। फातिमा की मां बिंदु संपत ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि क्या करें। मेरा मानना ​​​​है कि वह अब भी वहां (काबुल में) जेल में है। मैं केंद्र सरकार से उसे भारत वापस लाने के लिए प्रयास करने की अपील करती हूं।" उन्होंने मीडिया से मामले को सरकारी अधिकारियों के संज्ञान में लाने की अपील करते हुए कहा, ‘‘यह एक मां का दर्द है... यह आपात स्थिति है। मुझे उम्मीद है कि सरकार उसे भारत वापस लाने के लिए कदम उठाएगी।" संपत ने कहा कि वह केंद्र सरकार के अधिकारियों को लगातार ईमेल भेजती रही हैं और विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन के कार्यालय से संपर्क किया जो केरल के ही रहने वाले हैं। संपत ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को भारत वापस लाने और देश के कानून के अनुसार सुनवाई किए जाने के अनुरोध को लेकर उनके हस्तक्षेप का अनुरोध किया। संपत ने पीटीआई-भाषा से कहा, "मैंने सरकारी अधिकारियों से (निमिषा के बारे में) कुछ नहीं छिपाया है। यह मेरी बेटी को बचाने के मेरे प्रयासों का 1882वां दिन है।" निमिषा संपत इस्लाम धर्म स्वीकार करने से पहले हिंदू थी। बाद में उसने अपना नाम बदलकर फातिमा रख लिया। उसने केरल के एक व्यक्ति से शादी की जो कथित तौर पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) का सदस्य था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Mother of Kerala woman jailed in Kabul pleads for help

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे