दुनिया में सर्वाधिक तीर्थयात्री गंगा आते हैं: रेड्डी

By भाषा | Updated: November 2, 2021 16:48 IST2021-11-02T16:48:55+5:302021-11-02T16:48:55+5:30

Most pilgrims in the world come to Ganga: Reddy | दुनिया में सर्वाधिक तीर्थयात्री गंगा आते हैं: रेड्डी

दुनिया में सर्वाधिक तीर्थयात्री गंगा आते हैं: रेड्डी

नयी दिल्ली, दो नवंबर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि गंगा ऐसा तीर्थस्थल है, जहां दुनिया में सर्वाधिक तीर्थयात्री आते हैं और हर साल दो करोड़ से अधिक लोग इसमें डुबकी लगाते हैं।

रेड्डी ने गंगा उत्सव पर कहा, ‘‘हिंदू धर्म सिखाता है कि गंगा मात्र स्नान करने के लिए एक नदी नहीं है, बल्कि यह एक पवित्र नदी है, जिसे साफ रखना हमारी मुख्य जिम्मेदारी है। गंगा को स्वच्छ रखना लोगों को प्रथा बना लेनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि गंगा ऐसा तीर्थस्थल है, जहां दुनिया के सर्वाधिक तीर्थयात्री आते हैं। उन्होंने बताया कि गंगा में हर साल दो करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगाने आते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को गंगा को साफ रखने में भी योगदान देना चाहिए।’’

रेड्डी ने कहा कि गंगा भारत के लोगों की ‘‘केवल एक आध्यात्मिक जीवनरेखा नहीं है, बल्कि यह आर्थिक जीवनरेखा भी है’’।

रेड्डी ने गैर-सरकारी संगठनों और संस्थानों से भी गंगा को साफ रखने में अपना योगदान देने की अपील की।

केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा, ‘‘हमें उंगलियां उठाने के बजाय अपने योगदान पर विचार करना चाहिए। मैं जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि गंगा की सफाई में योगदान देने वाले रक्षक हैं। नदियों को केवल नहर के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। नहरें हमारी इच्छा के अनुसार बहती हैं, लेकिन गंगा जैसी नदियां स्वतंत्र हैं और यदि हम उसे दूषित न करें, तो उसमें स्वयं को साफ रखने की क्षमता है।’’

रेड्डी और पटेल ने गंगा पर आधारित एक पुस्तक और संगीत वीडियो भी जारी किया।

उन्होंने 'गंगा की बात - चाचा चौधरी के साथ' कॉमिक श्रृंखला भी जारी की, जिसका उद्देश्य जाने-माने भारतीय कॉमिक सुपरहीरो चाचा चौधरी के माध्यम से गंगा के कायाकल्प के बारे में जागरूकता फैलाना है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Most pilgrims in the world come to Ganga: Reddy

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे