महाराष्ट्र की महाड तहसील में जुलाई में लगभग 9,700 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
By भाषा | Updated: August 13, 2021 15:02 IST2021-08-13T15:02:13+5:302021-08-13T15:02:13+5:30

महाराष्ट्र की महाड तहसील में जुलाई में लगभग 9,700 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त
अलीबाग, 13 अगस्त महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की महाड तहसील में जुलाई में मूसलाधार बारिश और उसके बाद आई बाढ़ से 94 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए जबकि 9,649 मकानों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
रायगढ़ के जिलाधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार को महाड तहसील में हुए नुकसान की सूची प्रकाशित की। इसमें बताया गया है कि 21-22 जुलाई को आई बाढ़ से कुल 45 इमारतों, 1,859 आंशिक रूप से स्थायी मकानों, 23 अस्थायी मकानों और 36 झोपड़ियों को क्षति पहुंची है। इसके अलावा 3,709 दुकान क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रशासन ने बताया कि बाढ़ की वजह से हुई क्षति के मूल्य का आकलन किया जा रहा है।
हालांकि इस रिपोर्ट में तहसील के तलिये गांव में हुए नुकसान की जानकारी शामिल नहीं है। यहां 22 जुलाई को भयानक भूस्खलन की वजह से कम से कम 84 लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान रायगढ़ की पोलादपुर तहसील के दो गांवों में भी भूस्खलन की घटनाएं हुईं थी जिनमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।