भारत में कोविड टीके की अब तक 140.24 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है: सरकार
By भाषा | Updated: December 23, 2021 20:49 IST2021-12-23T20:49:57+5:302021-12-23T20:49:57+5:30

भारत में कोविड टीके की अब तक 140.24 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है: सरकार
नयी दिल्ली, 23 दिसंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 रोधी टीके की दी गई खुराकों की संख्या बृहस्पतिवार को 140.24 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई।
मंत्रालय ने कहा कि बृहस्पतिवार को शाम सात बजे तक टीके की 51 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
मंत्रालय ने कहा कि देर रात तक दिन के लिए अंतिम रिपोर्ट मिलने के साथ दैनिक टीकाकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
देशभर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया था। अग्रिम पंक्ति के कर्मियों के लिए टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ था।
कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष तथा इससे अधिक आयु के उन लोगों के लिए शुरू हुआ था जो गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं।
देश में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। सरकार ने तब एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों का टीकाकरण करने के वास्ते अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।