देश में कोविड-19 रोधी टीके की अब तक 108 करोड़ से अधिक खुराक दी गई
By भाषा | Updated: November 6, 2021 21:33 IST2021-11-06T21:33:27+5:302021-11-06T21:33:27+5:30

देश में कोविड-19 रोधी टीके की अब तक 108 करोड़ से अधिक खुराक दी गई
नयी दिल्ली, छह नवंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में शनिवार तक कोविड-19 रोधी टीके की 108 करोड़ खुराक दी गई है।
शनिवार को शाम सात बजे तक टीके की 25 लाख (25,54,917) से अधिक खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि देर रात तक अंतिम रिपोर्ट के संकलन के साथ दैनिक टीकाकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
मंत्रालय ने रेखांकित किया कि देश में सबसे कमजोर जनसंख्या समूहों को कोविड-19 से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान की नियमित रूप से समीक्षा और निगरानी की जाती है।
देश भर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। अग्रिम मोर्चे के कर्मियों का टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ था। बाद में, सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।