मानसून को लेकर मौसम विभाग से आई अच्छी खबर, एक ही दिन में दिल्ली सहित उत्तर भारत में छा जाएगा
By अभिषेक पारीक | Updated: July 10, 2021 22:11 IST2021-07-10T18:56:24+5:302021-07-10T22:11:56+5:30
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पूर्वी हवाओं ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बना दी हैं।

फाइल फोटो
देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। आलम ये है कि जुलाई का एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अभी तक देश के सभी हिस्सों तक मानसून नहीं पहुंचा है। हालांकि अब मौसम विभाग ने दिल्ली सहित उत्तर भारत में मानसून को लेकर अच्छी खबर दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पूर्वी हवाओं ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बना दी हैं और इसके एक दिन के भीतर दिल्ली, हरियाणा तथा पंजाब सहित उत्तर भारत के हिस्सों को कवर करने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर की पूर्वी हवाएं उत्तर पश्चिम की ओर आगे बढ़ गई हैं और शनिवार को दिल्ली, हरियाणा तथा पूर्वी राजस्थान तक पहुंच रही हैं। आईएमडी ने कहा, ‘‘इसलिए, अगले 24 घंटे के दौरान स्थितियां दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों तथा पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान के कुछ और हिस्सों के ऊपर दक्षिण-पश्चिमी मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी रहेंगी।’’
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान देश के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के और आगे बढ़ने के लिए भी स्थितियां अनुकूल हैं।