दिल्ली में 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को पहुंच सकता है मानसून : आईएमडी

By भाषा | Updated: July 9, 2021 21:34 IST2021-07-09T21:34:40+5:302021-07-09T21:34:40+5:30

Monsoon may reach Delhi on Saturday after a delay of 13 days: IMD | दिल्ली में 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को पहुंच सकता है मानसून : आईएमडी

दिल्ली में 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को पहुंच सकता है मानसून : आईएमडी

नयी दिल्ली, नौ जुलाई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को मानसून के पहुंचने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आईएमडी के अधिकारियों के मुताबिक पिछले 15 वर्षों के दौरान ऐसा पहली बार है जब दिल्ली में मानसून इतनी देरी से पहुंचेगा। आम तौर पर दिल्ली में मानसून के पहुंचने की तारीख 27 जून तय मानी जाती है।

आईएमडी ने एक वक्तव्य में कहा, "दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों तथा पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ और हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।" इसके परिणामस्वरूप दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में अगले पांच से छह दिनों के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की उम्मीद है।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक इससे पहले 2012 में मानसून सात जुलाई को दिल्ली में पहुंचा था जबकि 2006 में मानसून ने नौ जुलाई को राजधानी में दस्तक दी थी।

गौरतलब है कि केरल में दो दिन की देरी से पहुंचने के बाद मानसून देश के पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम के कुछ हिस्सों में 10 दिन पहले ही पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहीं। मानसून कमजोर होकर रुक रुककर आगे बढने लगा।

मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि राजधानी में मानसून अपने तय समय से 12 दिन पहले ही 15 जून को दस्तक दे देगा। एक जून को मानसूनी सीजन शुरू होने के बाद से अब तक दिल्ली में 44.1 मिमी बारिश हुई है जो सामान्य यानी 104.2 मिमी से 58 प्रतिशत कम है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Monsoon may reach Delhi on Saturday after a delay of 13 days: IMD

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे