दक्षिण पश्चिमी मानसून कल पहुंच सकता है केरल, मौसम विभाग का अनुमान-दिल्ली में भी तीन दिनों में हो सकती है बारिश
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 30, 2021 16:31 IST2021-05-30T16:19:05+5:302021-05-30T16:31:06+5:30
मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून देश के दक्षिणी तट से 31 मई को टकरा सकता है। जिसके बाद हर किसी को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। वहीं दिल्ली में भी अगले तीन दिन के मौसम बदल सकता है।

दिल्ली में बुधवार तक हल्की बारिश हो सकती है।
गर्मी और उमस के कारण लोगों का हाल बेहाल है। देश में हर किसी को अब मानसून का इंतजार है। अब मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून देश के दक्षिणी तट से 31 मई को टकरा सकता है। जिसके बाद हर किसी को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। वहीं दिल्ली में भी अगले तीन दिन में मौसम बदल सकता है।
मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि केरल में मानसून को लेकर अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। जिसके चलते 31 मई को दक्षिणी पश्चिमी मानसून केरल पहुंच सकता है। हालांकि केरल में मानसून आमतौर पर एक जून को पहुंचता है।
दिल्ली में हो सकती है बारिश
इसके साथ ही मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अगले तीन दिन बारिश हो सकती है। दिल्ली के लोग हल्की बारिश में भीग सकते हैं। इस दौरान बारिश के साथ आंधी-तूफान भी आ सकता है। जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी को गर्मी से राहत मिल सकती है और तापमान कुछ कम हो सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते इस क्षेत्र पर असर पड़ सकता है। इसके चलते रविवार को आंधी-तूफान की संभावना बन सकती है और दिल्ली में बुधवार तक हल्की बारिश हो सकती है।