Monsoon: महाराष्ट्र में मानसून?, 28 मई को मुंबई में झमाझम बारिश की उम्मीद, 2009 के बाद पहली बार, जब मानसून जल्दी केरल पहुंचा

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 25, 2025 20:15 IST2025-05-25T16:15:04+5:302025-05-25T20:15:18+5:30

Monsoon: मानसून 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू कर देता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस लौट जाता है।

Monsoon imd live Monsoon in Maharashtra Heavy rains expected Mumbai on May 28 first time since 2009, when monsoon reached Kerala early | Monsoon: महाराष्ट्र में मानसून?, 28 मई को मुंबई में झमाझम बारिश की उम्मीद, 2009 के बाद पहली बार, जब मानसून जल्दी केरल पहुंचा

file photo

Highlightsसात जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है।हावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल, कोहिमा से होकर गुजरती है।महाराष्ट्र के कुछ अन्य भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मुंबईः दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र में पहुंच गया है और अगले तीन दिनों में इसके मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने कहा कि मानसून रविवार को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, संपूर्ण गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी, तथा मिजोरम,मणिपुर और नगालैंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा देवगढ़, बेलगावी, हावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल, कोहिमा से होकर गुजरती है।

आईएमडी ने कहा, ‘‘मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ अन्य भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके अलावा मानसून के अगले तीन दिनों के दौरान बेंगलुरु सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है।’’ महाराष्ट्र में तटीय कोंकण और मुंबई में पिछले दो दिनों से मानसून से पहले भारी बारिश हो रही है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शनिवार को केरल में दस्तक दी।

वर्ष 2009 के बाद से ऐसा पहली बार है जब मानसून इतनी जल्दी केरल पहुंचा है। साल 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून तक केरल में दस्तक देता है तथा आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। मानसून 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू कर देता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस लौट जाता है। यह आमतौर पर सात जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है।

महाराष्ट्र : कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों में ‘मूसलाधार बारिश’की चेतावनी जारी की। मानसून दक्षिणी महाराष्ट्र में पहुंच चुका है, मुंबई और कोंकण में मानसून-पूर्व वर्षा हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दोपहर को कोंकण के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के साथ-साथ सतारा और पुणे जिलों और कोल्हापुर जिले सहित उनके घाट (पहाड़ी) क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।

रायगढ़ के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ केवल 25 और 26 मई के लिए है, लेकिन रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों तथा सतारा, कोल्हापुर और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए यह अलर्ट पांच दिनों के लिए रहेगा। आईएमडी ने कहा, ‘‘ कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।’’

मुंबई, ठाणे, पालघर सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई शहर, उसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों में औसतन क्रमश: 37 मिमी, 15 मिमी और 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Web Title: Monsoon imd live Monsoon in Maharashtra Heavy rains expected Mumbai on May 28 first time since 2009, when monsoon reached Kerala early

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे