लाइव न्यूज़ :

मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले मोदी मिले संभावित मंत्रियों से : हर्षवर्धन सहित कुछ मंत्रियों का इस्तीफा

By भाषा | Updated: July 7, 2021 16:29 IST

Open in App

नयी दिल्ली, सात जुलाई प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करेंगे। मंत्रिपरिषद विस्तार में 43 चेहरों को शामिल किया जा सकता हैं। इनमें कुछ वर्तमान मंत्री भी हैं जिन्हें पदोन्नत किया जा सकता है।

इस बीच, केंद्रीय मंत्रिपरिषद से कुछ मंत्रियों के इस्तीफे का सिलसिला भी आरंभ हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘‘निशंक’’, केंद्रीय श्रम व रोजगार राज्यमंत्री संतोष गंगवार (स्वतंत्र प्रभार), केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा, शिक्षा राज्यमंत्री संजय धोत्रे, महिला व बाल विकास राज्यमंत्री देवोश्री चौधरी ने इस्तीफा दे दिया है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में अपने इस्तीफे की जानकारी दी।

एक सूत्र ने बताया कि रमेश पोखरियाल निशंक ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। निशंक कुछ समय पहले कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे। ठीक होने के बाद उन्हें दोबारा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के मद्देनजर अस्तपाल में भर्ती होना पड़ा था।

इन नेताओं के अलावा कुछ और मंत्रियों के भी इस्तीफे दिए हैं।

केंद्रीय मंत्रिपरिषद में आज शाम होने वाले फेरबदल व विस्तार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्री पद के संभावित चेहरों के साथ अपने आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और पार्टी के संगठन महासचिव बी एल संतोष भी प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिपरिषद विस्तार में 43 चेहरों को शामिल किया जा सकता हैं। साथ ही कुछ मंत्रियों को पदोन्नत किया जा सकता है। इस मंत्रिपरिषद में युवाओं और प्रशासिनक क्षमता वाले नेताओं को शामिल किया जा सकता हैं। इनमें चार पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है उनमें भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणे, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल, दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड के नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद अजय भट्ट, कर्नाटक के उडुपी चिकमगलूर से सांसद शोभा करंदलाजे, महाराष्ट्र के बीड से सांसद प्रीतम मुंडे, महाराष्ट्र के भिवंडी से सांसद कपिल पाटिल, महाराष्ट्र के ही दिन्डोरी से सांसद भारती पवार, उत्तर प्रदेश के खीरी से सांसद अजय मिश्रा, उत्तर प्रदेश के ही मोहनलाल गंज से सांसद कौशल किशोर, उत्तर प्रदेश के आंगरा से सांसद एस पी सिंह बघेल, ओडिशा से राज्यसभा के सदस्य अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद वीरेंद्र कुमार, पश्चिम बंगाल के कूचविहार से सांसद निषिथ पारामाणिक, पश्‍चिम बंगाल के ही बनगांव के सांसद शांतनु ठाकुर और पश्चिम त्रिपुरा की सांसद प्रतिमा भौमिक के नाम शामिल हैं।

प्रधानमंत्री आवास पर हुई बैठक में ये सभी नेता शामिल थे।

बैठक में मौजूद एक सांसद ने भाषा को बताया कि प्रधानमंत्री ने बैठक में मौजूद सभी नेताओं को शुभकामनाएं दी और मिलने वाले दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने करने की सलाह दी।

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और बंदरगाह, पोत और जलमार्ग परिवहन मंत्रालय के साथ ही रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्यमंत्री मनसुख भाई मांडविया, विद्युत मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर के सिंह, आवासन तथा शहरी विकास और नागर विमानन मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय खेल व युवा मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू सहित कुछ अन्य वर्तमान मंत्रियों की पदोन्नति हो सकती है। ये सभी प्रधानमंत्री आवास पर हुई बैठक में उपस्थित थे।

सहयोगी दलों में से जनता दल (यूनाइटेड) के आरसीपी सिंह का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस को भी मंत्री पद से नवाजा जा सकता है।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मिलने वाले सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे।

प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करने वाले हैं।

मौजूदा मंत्रिपरिषद में कर्नाटक के राज्यपाल बनाए गए केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत सहित कुल 53 मंत्री हैं और नियमानुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों की अधिकतम संख्या 81 हो सकती है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारत अधिक खबरें

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos

भारतDelhi Assembly Security Breach: कार में सवार व्यक्ति ने कॉम्प्लेक्स का गेट तोड़कर पोर्च में रखा गुलदस्ता, वीडियो