मोदी सरकार ने सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए अलग मंत्रालय सृजित किया :सूत्र
By भाषा | Updated: July 6, 2021 22:18 IST2021-07-06T22:18:32+5:302021-07-06T22:18:32+5:30

मोदी सरकार ने सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए अलग मंत्रालय सृजित किया :सूत्र
नयी दिल्ली, छह जुलाई केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए एक नया सहकारी मंत्रालय सृजित करने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रिपरिषद में बुधवार को बड़ा फेरबदल होने के बारे में चर्चा के बीच सरकारी सूत्रों ने कहा कि नया मंत्रालय सहकार से समृद्धि के विजन को साकार करने के लिए सृजित किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय देश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए एक अलग प्रशासनिक, कानूनी और नीतिगत ढांचा उपलब्ध कराएगा। नये मंत्रालय के लिए एक प्रभारी मंत्री को बुधवार को नामित किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि नया मंत्रालय सहकारिता को एक सच्चे, जमीनी स्तर तक पहुंचने वाले जन आधारित आंदोलन में तब्दील करेगा। मंत्रालय सहकारिता के लिए कारोबार को आसान बनाने के लिए प्रक्रिया को कारगर करेगा और बहु-राज्य सहकारिताओं के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।