लाइव न्यूज़ :

मोदी ने बिहार की जीत को विकास के लिए जनता का निर्णायक फैसला बताया, संतुलित विकास का किया वादा

By भाषा | Updated: November 11, 2020 00:51 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 10 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘‘विकास के लिए’’ जनता का निर्णायक फैसला करार दिया और कहा कि 15 साल बाद भी ‘‘सुशासन’’ को फिर से आशीर्वाद मिलना राज्य के सपने और उसकी अपेक्षाओं को दर्शाता है।

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर राज्य की जनता को हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए समर्पण के साथ काम करने का भरोसा दिया और राजग की जीत के लिए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड) सहित अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि बिहार में जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से लोकतंत्र ने एक बार फिर विजय प्राप्त की है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं और बिहार की जनता के प्रति हृदय से आभार प्रकट करता हूं।’’

बिहार की जनता को आश्वासन देते हुए मोदी ने कहा कि हर व्यक्ति व हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए राजग पूरे समर्पण से निरंतर काम करता रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के गांव-गरीब, किसान-श्रमिक, व्यापारी-दुकानदार, हर वर्ग ने राजग के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर भरोसा जताया है।’’

बिहार की महिलाओं की ओर से किए गए रिकार्ड मतदान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में राज्य की मातृशक्ति को नया आत्मविश्वास देने का राजग को अवसर मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह आत्मविश्वास बिहार को आगे बढ़ाने में हमें शक्ति देगा।’’

बिहार के युवाओं का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि यह नया दशक बिहार का होगा और आत्मनिर्भर बिहार उसका रोडमैप है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के युवाओं ने अपने सामर्थ्य और राजग के संकल्प पर भरोसा किया है। इस युवा ऊर्जा से अब राजग को पहले की अपेक्षा और अधिक परिश्रम करने का प्रोत्साहन मिला है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक मतदाता ने साफ-साफ बता दिया कि वह आकांक्षी है और उसकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ विकास है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में 15 साल बाद भी राजग के सुशासन को फिर आशीर्वाद मिलना यह दिखाता है कि बिहार के सपने क्या हैं, बिहार की अपेक्षाएं क्या हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया और आज उसने दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘रिकॉर्ड संख्या में बिहार के गरीब, वंचित और महिलाओं ने वोट भी किया और आज विकास के लिए अपना निर्णायक फैसला भी सुनाया है।’’

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना में जारी कांटे की टक्कर के बीच राजग को विपक्षी महागठगंधन पर बेहद क्षीण बहुमत प्राप्त होता दिख रहा है। सुबह आठ बजे से जारी वोटों की गिनती के बाद फिलहाल 186 सीटों के परिणाम की घोषणा हुई है जिनमें से राजग के हिस्से में 93 और महागठबंधन को 86 सीटें मिली हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, फिलहाल राजग 31 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले पांच दलों का विपक्षी महागठबंधन 25 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।

रुझान में राजग को 124 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल होता दिख रहा है जो 243 सदस्यीय विधानसभा में सामान्य बहुमत के आंकड़े से दो सीट अधिक है। वहीं, विपक्षी महागठबंधन 111 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल करता दिख रहा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतगोवा अग्निकांड पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख, पीड़ितों के लिए मुआवजे का किया ऐलान

भारतGoa Fire Accident: अरपोरा नाइट क्लब में आग से 23 लोगों की मौत, घटनास्थल पर पहुंचे सीएम सावंत; जांच के दिए आदेश

भारतगोवा के नाइट क्लब में सिलेंडर विस्फोट में रसोई कर्मचारियों और पर्यटकों समेत 23 लोगों की मौत

पूजा पाठPanchang 07 December 2025: जानें आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय

पूजा पाठAaj Ka Rashifal 07 December 2025: आज इन 3 राशियों के लिए दिन रहेगा चुनौतीपूर्ण, वित्तीय नुकसान की संभावना

भारत अधिक खबरें

भारतEPFO Rule: किसी कर्मचारी की 2 पत्नियां, तो किसे मिलेगी पेंशन का पैसा? जानें नियम

भारतरेलवे ने यात्रा नियमों में किया बदलाव, सीनियर सिटीजंस को मिलेगी निचली बर्थ वाली सीटों के सुविधा, जानें कैसे

भारतकथावाचक इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा जयपुर में बने जीवनसाथी, देखें वीडियो

भारत2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव, 2025 तक नेता प्रतिपक्ष नियुक्त नहीं?, उद्धव ठाकरे ने कहा-प्रचंड बहुमत होने के बावजूद क्यों डर रही है सरकार?

भारतजीवन रक्षक प्रणाली पर ‘इंडिया’ गठबंधन?, उमर अब्दुल्ला बोले-‘आईसीयू’ में जाने का खतरा, भाजपा की 24 घंटे चलने वाली चुनावी मशीन से मुकाबला करने में फेल