कौशांबी में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज
By भाषा | Updated: August 15, 2021 15:26 IST2021-08-15T15:26:33+5:302021-08-15T15:26:33+5:30

कौशांबी में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज
कौशांबी (उप्र) ,15 अगस्त कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस थाने में दी गई शिकायत में कहा कि उसके पड़ोस में रहने वाली एक महिला 14 जनवरी 2021 को उसकी नाबालिग बेटी को अपने घर ले गई और इसके बाद किशोरी को उसने अपने पति के हवाले कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि पत्नी के सामने ही पति ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी बेटी के साथ हुई घटना के संबंध में पुलिस के कोई कार्रवाई नहीं करने पर उसने अदालत की शरण ली। शुक्रवार 14 अगस्त को अदालत के आदेश पर पश्चिम शरीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पश्चिम शरीरा थाने के प्रभारी सर्वेश सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर आरोपी दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर पीड़िता को चिकित्सकीय जांच हेतु भेज दिया गया है, आरोपी दंपति को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।