कोलकाता में मेट्रो सेवा का समय एक घंटे बढ़ाया गया, सोमवार से लागू होगा
By भाषा | Updated: August 13, 2021 20:36 IST2021-08-13T20:36:15+5:302021-08-13T20:36:15+5:30

कोलकाता में मेट्रो सेवा का समय एक घंटे बढ़ाया गया, सोमवार से लागू होगा
कोलकाता, 13 अगस्त पश्चिम बंगाल में मेट्रो रेल ने शहर में अपने उत्तर-दक्षिण गलियारे पर सोमवार से शाम को सेवा के समय में एक घंटे का विस्तार करने का फैसला किया है। अब आखिरी ट्रेन रात नौ बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी।
एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता मेट्रो के अधिकारियों ने यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए ट्रेनों की दैनिक संख्या 220 से बढ़ाकर 228 कर दी है और व्यस्तम समय में हर पांच मिनट के अंतराल पर ट्रेन मिलेगी।
मेट्रो के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया, “सोमवार से, उत्तर-दक्षिण गलियारे पर अंतिम मेट्रो टर्मिनल स्टेशनों से रात आठ बजे के बजाय रात नौ बजे रवाना होगी क्योंकि राज्य सरकार ने प्रतिबंध अवधि में ढील दी है।”
पश्चिम बंगाल सरकार ने घोषणा की है कि राज्य में कोविड-19 महामारी के कारण रात के समय आवाजाही पर लगाई रोक 16 अगस्त से रात्रि 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगी, न कि रात नौ बजे से लागू होगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।