मीटू: रमानी ने अदालत में कहा कि अकबर की अच्छी साख नहीं थी

By भाषा | Updated: December 5, 2020 16:41 IST2020-12-05T16:41:27+5:302020-12-05T16:41:27+5:30

Meitu: Ramani said in court that Akbar did not have good credit | मीटू: रमानी ने अदालत में कहा कि अकबर की अच्छी साख नहीं थी

मीटू: रमानी ने अदालत में कहा कि अकबर की अच्छी साख नहीं थी

नयी दिल्ली, पांच दिसंबर पूर्व केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर द्वारा पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि की शिकायत के मामले में सुनवाई कर रही दिल्ली की एक अदालत के समक्ष रमानी ने शनिवार को कहा कि अकबर की अच्छी साख नहीं थी जैसा वह दावा कर रहे हैं।

अकबर पर करीब 20 साल पहले यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाने वाली रमानी ने मामले में अंतिम सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता रेबेका जॉन के माध्यम से यह बात कही।

उन्होंने दावा किया कि कई महिलाओं ने अकबर पर यौन कदाचार का आरोप लगाया है और पूर्व केंद्रीय मंत्री के अनुसार यदि वह विवाहित होते हुए किसी और के साथ सहमति से भी संबंध रख रहे थे तो अच्छी साख वाली बात नहीं है।

रमानी ने कहा था कि अकबर के खिलाफ उनके आरोप उनकी सच्चाई है।

जॉन ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार पांडेय से कहा, ‘‘कम से कम 15-16 महिलाओं ने अकबर के खिलाफ ट्वीट किये। उनके अनुसार अकबर के एक जूनियर के साथ संबंध थे जो उनसे 20 साल छोटी थी। यह अच्छी प्रतिष्ठा की बात नहीं है।’’

उन्होंने दावा किया कि कई महिलाओं ने अकबर पर आरोप लगाये लेकिन उन्होंने केवल रमानी के खिलाफ ही मामला दाखिल किया।

सुनवाई अधूरी रही और अदालत 10 दिसंबर को मामले पर सुनवाई करेगी।

अकबर ने 15 अक्टूबर, 2018 को रमानी के खिलाफ शिकायत दायर की थी। उन्होंने दो दिन बाद केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने पहले अदालत में कहा था कि रमानी ने उनके लिए ‘मीडिया का सबसे बड़ा शिकारी’ जैसे विशेषणों का इस्तेमाल करके उन्हें बदनाम किया है और उनकी साख को नुकसान पहुंचाया है।

अकबर ने अपने खिलाफ यौन उत्पीड़न के समस्त आरोपों से इनकार किया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Meitu: Ramani said in court that Akbar did not have good credit

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे