मेरठ के वैलेंटिस कैंसर अस्पताल ने अखबार में दिए अपने एक विज्ञापन पर माफी मांगी है। इस विज्ञापन में कहा गया था कि नए मुस्लिम मरीज और उनके केयरटेकर पहले कोविड-19 टेस्ट कराएं। अगर उनके रिजल्ट निगेटिव हों तभी उनकी भर्ती होगी। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद अस्पताल ने अपनी सफाई देते हुए माफी मांगी है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार वैलेंटिस कैंसर अस्पताल के डॉक्टर अमित जैन ने बताया कि विज्ञापन दरअसल लोगों से सरकार की गाइडलाइन को मानने की अपील के लिए दिया गया था।
डॉक्टर अमित के अनुसार, 'यह विज्ञापन सभी लोगों से अपील के लिए था कि वे सरकार की गाइडलाइन को माने ताकि सब सुरक्षित रहें। इसका धर्म से कोई लेनादेना नहीं है। अगर किसी की भावना इससे आहत हुई है तो हम माफी मांगते हैं। अस्पताल की कभी किसी की भावना को आहत करने की मंशा नहीं थी।'
वहीं, इस मामले में पुलिस ने एक मामला भी दर्ज कर लिया है। मेरठ एसएसपी अजय कुमार साहनी ने कहा, 'हमने एक केस दर्ज कर लिया है। मौजूद सबूतों के आधार पर हम एक्शन ले रहे हैं।'