मेरठ में दिल दहलाने वाली वारदात: समलैंगिक दोस्तों ने LLB छात्र की गला रेतकर हत्या की, कई टुकड़े किए, नाले में मिला शव
By विनीत कुमार | Published: July 3, 2022 03:02 PM2022-07-03T15:02:02+5:302022-07-03T15:05:55+5:30
मेरठ में एलएलबी के एक छात्र की निर्ममता से हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में तीन आरोपियों इमरान, शावेज, अली और सलमान को गिरफ्तार किया गया है।
मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे एक छात्र यश रस्तोगी की उसके ही दोस्तों द्वारा निर्ममता से हत्या का मामला सामने आया है। छात्र पिछले 6 दिन से लापता था। पुलिस के अनुसार यश के समलैंगिक दोस्तों ने उसकी हत्या करने के बाद शव को कई टुकड़े में काटा और नाले में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शनिवार देर रात लिसाड़ीगेट में पिलोखड़ी नाले से यश का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, शावेज, अली और सलमान के तौर पर हुई है।
यश रस्तोगी की हत्या- क्या है पूरा मामला
मेरठ के जागृति विहार सेक्टर-6 का रहने वाले अनिल रस्तोगी का 22 वर्षीय बेटा यश रस्तोगी 26 जून की शाम स्कूटी से घर से निकला था लेकिन वापस नहीं आया। इसके बाद देर रात परिजन उसकी तलाश करते रहे। अगले दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस को यश के मोबाइल की आखिरी लोकेशन भी लिसाड़ीगेट क्षेत्र में पिलोखड़ी के पास मिली।
पुलिस के अनुसार शुरू में चारों आरोपियों ने गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि उन्हें यश के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर उन्हें यश की हत्या की बात कबूल की।
हत्या से पहले कुकर्म भी किया गया यश के साथ
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी शावेज ने पुलिस को बताया कि यश लिसाड़ीगेट आया था। उसने मोबाइल फोन इन्हें दिखाने से मना किया। ऐसे में तीनों को संदेह था कि उन लोगों की कोई अश्लील वीडियो यश के पास है। यहीं से बात बढ़ी और इन सभी ने यश की गला दबाकर हत्या कर दी। उस पर चाकू से भी वार किए। हालांकि हत्या कैसे हुई, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार आरोपी शावेज और अली ने पूछताछ में बताया कि उनके और यश के बीच समलैंगिक रिश्ते थे। 26 जून को हत्या से पहले इन्होंने यश के साथ कुकर्म भी किया। बाद में चाकू से गर्दन काट दी। फिर शरीर के कई टुकड़े कर उसे बोरे में भरा और बांध कर नाले में फेंक दिया। यश का रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। तनाव को देखते हुए पुलिस ने छात्र के घर सहित अस्पताल और श्मशान घाट पर बड़ी संख्या में फोर्स लगा रखी थी।