नयी दिल्ली, तीन मई दिल्ली में सोमवार को मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति 447 मीट्रिक टन रही जो केंद्र की तरफ से आवंटित 590 मीट्रिक टन से बहुत कम है। यह जानकारी दिल्ली सरकार के सूत्रों ने दी।
सूत्रों ने बताया कि कोविड-19 के गंभीर मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेडिकल ऑक्सीजन की काफी कमी और केंद्र से लगातार मांग के बावजूद दिल्ली में आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के एक सूत्र ने कहा कि आपूर्ति 28 अप्रैल को 431 मीट्रिक टन से बढ़ाकर दो मई को 447 मीट्रिक टन हो गयी लेकिन मांग प्रतिदिन 900 मीट्रिक टन से अधिक हो गई है।
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र ने हाल में महानगर का रोजाना ऑक्सीजन कोटा 378 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 480 मीट्रिक टन, फिर 490 मीट्रिक टन और अंतत: 590 मीट्रिक टन किया था।
बहरहाल, दिल्ली सरकार ने पहले 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन प्रतिदिन की मांग की थी, लेकिन अब वह प्रतिदिन 976 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, 28 अप्रैल को दिल्ली में ऑक्सीजन की आपूर्ति 431 मीट्रिक टन, 29 अप्रैल को 409 मीट्रिक टन, 30 अप्रैल को 312 मीट्रिक टन, एक मई को 441 मीट्रिक टन और दो मई को 447 मीट्रिक टन थी।
मेडिकल ऑक्सीजन की कमी को लेकर केंद्र और आम आदमी पार्टी की सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में संलिप्त हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।