MCD Results: दिल्ली नगर निगम में पहली बार ट्रांसजेंडर सदस्य, 'आप' उम्मीदवार बॉबी ने रचा इतिहास, इस वार्ड से जीता चुनाव
By विनीत कुमार | Updated: December 7, 2022 12:21 IST2022-12-07T12:01:45+5:302022-12-07T12:21:37+5:30
दिल्ली नगर निगम के लिए हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी की ट्रांसजेंडर उम्मीदवार बॉबी ने जीत हासिल कर ली है। यह पहली बार है जब दिल्ली नगर निगम में कोई ट्रांसजेंडर बतौर सदस्य पहुंचेगा।

एमसीडी चुनाव रिजल्ट: आप की ट्रांसजेंडर उम्मीदवार बॉबी ने जीता चुनाव (फोटो- एएनआई)
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में पहली बार अब ट्रांसजेंडर समुदाय का कोई सदस्य नजर आएगा। दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) की ट्रांसजेंडर उम्मीदवार बॉबी ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस चुनाव में जीत दर्ज की है। उन्हें आप ने सुल्तानपुरी 43 ए से उम्मीदवार बनाया था। बॉबी टिकट मिलने के बाद से ही चर्चा में थी। वह दिल्ली में पहली ऐसी उम्मीदवार थीं, जिन्हें किसी पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया।
'आप' नेता बॉबी कौन हैं, जानिए
'आप' के अनुसार वार्ड में सामाजिक कार्यों से छाप छोड़ने वाली बॉबी सर्वे में सबसे ऊपर पाई गई थीं और उन्हें नगर निगम चुनाव का प्रत्याशी घोषित किया गया था। बॉबी ने इससे पहले साल 2017 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नगर निगम का चुनाव लड़ा था।
38 साल की बॉबी 'हिंदू युवा समाज एकता अवाम एंटी टेररिज्म कमेटी' की दिल्ली इकाई की अध्यक्ष भी हैं। बॉबी पिछले 15 साल से इस संगठन से जुड़ी हुई हैं।
बॉबी का जन्म सुल्तानपुरी इलाके में ही हुआ। इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि लैंगिंक पहचान को लेकर उन्हें कई बार भेदभाव और मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
करीब 14-15 साल की उम्र में बॉबी को ट्रांसजेंडर कम्युनिटी ने अपने साथ रख लिया और फिर वो शादियों में डांस करने के काम करने लगीं। इसके बाद वह सामाजिक कार्यों से जुड़ी और फिर उनका राजनीति का सफर भी शुरू हुआ।
बॉबी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह अन्ना आंदोलन का भी हिस्सा थीं और उस समय से दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जानती हैं।
एमसीडी चुनाव नतीजों में 'आप' आगे
एमसीडी चुनाव के आ रहे नतीजों में आम आदमी पार्टी बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। अभी तक आए परिणाम के अनुसार आप 78 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और 56 पर आगे चल रही है। भाजपा 55 सीटों पर आगे हैं। कांग्रेस पार्टी चार सीटें जीत चुकी है। एमसीडी के 250 वार्ड के लिए चार दिसंबर को मतदान हुआ था।
एमसीडी के आ रहे नतीजों के बीच आप आदमी पार्टी के कार्यालय में जश्न शुरू हो चुका है। लाउडस्पीकर से देशभक्ति गीत बज रहे हैं और समूचा परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया है।