महाराष्ट्र: बाढ़ से जूझ रहे पुणे, कोल्हापुर और सतारा में आज भी भारी बारिश की आशंका
By भाषा | Updated: August 12, 2019 05:29 IST2019-08-12T05:29:09+5:302019-08-12T05:29:09+5:30
कई दिनों से बारिश से बेहाल केरल में रविवार को भले ही वर्षा में कमी आयी लेकिन इससे जुड़ी घटनाओं में 60 लोगों की मौत हो गयी जबकि कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में स्थिति गंभीर बनी हुई है और 97 लोगों की जान चली गयी।

फोटो क्रेडिट: ANI
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित पुणे, कोल्हापुर और सतारा जिलों में कई जगहों पर सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार, मंगलवार को कुछ कम बारिश होने की संभावना है। इससे राहत कार्यों में मदद मिल सकती है । तटवर्ती रत्नरागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए भी ऐसे ही पूर्वानुमान हैं। इन जिलों में भी पिछले सात दिन से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि महाराष्ट्र के बाकी हिससों में हल्की और बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।
कई दिनों से बारिश से बेहाल केरल में रविवार को भले ही वर्षा में कमी आयी लेकिन इससे जुड़ी घटनाओं में 60 लोगों की मौत हो गयी जबकि कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में स्थिति गंभीर बनी हुई है और 97 लोगों की जान चली गयी। कर्नाटक में सभी नदियां उफान पर हैं। बेल्लारी जिले में तुंगभद्रा नदी के तट पर स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर हम्पी रविवार की सुबह एक जलाशय से 1.70 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद डूब गया।
अधिकारियों के अनुसार हंपी से पर्यटकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। कर्नाटक में अप्रत्याशित बाढ़ के चलते पिछले हफ्ते से अब तक 31 लोगों की जान चली गयी और 17 जिलों के 80 तालुकों में चार लाख लोग विस्थापित हो गये। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक और महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।