मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मस्थान निर्माण न्यास के देवमुरारी बापू, अन्य के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल

By भाषा | Updated: February 11, 2021 21:45 IST2021-02-11T21:45:49+5:302021-02-11T21:45:49+5:30

Mathura: Chargesheet filed against Devmurari Bapu of Sri Krishna Birthplace Construction Trust, others | मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मस्थान निर्माण न्यास के देवमुरारी बापू, अन्य के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मस्थान निर्माण न्यास के देवमुरारी बापू, अन्य के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल

मथुरा, 11 फरवरी उत्तर प्रदेश की मथुरा जनपद में स्थित कृष्ण जन्मभूमि से संबंधित ट्रस्ट ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास’ के नाम से मिलता-जुलता नाम (श्रीकृष्ण जन्मस्थान निर्माण न्यास) रखकर कथित रूप से भ्रम फैलाने के आरोपी वृन्दावनवासी देवमुरारी बापू और आचार्य राघव शर्मा तथा कथित न्यास के अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया है।

गौरतलब है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के प्रबंध न्यासी एवं श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने देवमुरारी एवं अन्य द्वारा नवगठित न्यास के पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अदालत ने सभी आरोपियों को समन जारी कर तीन मार्च को तलब किया है।

कपिल शर्मा ने गोविन्द नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत कराया था, जिसमें कहा गया था कि देवमुरारी बापू व आचार्य राघव शर्मा आदि ने उनके न्यास से मिलते-जुलते नाम से ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान निर्माण न्यास’ का गठन कर लोगों को भ्रमित किया है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान के विशेष कार्यकारी अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया, ‘‘इसके खिलाफ देवमुरारी बापू एवं अन्य ने उच्च न्यायालय में अपील कर स्वयं पर दर्ज प्राथमिकी को गलत बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की थी। उच्च न्यायालय ने पुलिस को आदेश दिया कि वह पूरे मामले की जांच करे।’’

इसके बाद गोविन्द नगर थाना पुलिस ने जांच में कपिल शर्मा के आरोपों को सही माना और देवमुरारी बापू और आचार्य राघव शर्मा के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप-पत्र दाखिल किया।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘देवमुरारी बापू और आचार्य राघव शर्मा के खिलाफ पुलिस ने इसी सप्ताह न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया, जिसे स्वीकार कर लिया। अदालत ने आरोपियों को समन जारी कर तीन मार्च को तलब किया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Mathura: Chargesheet filed against Devmurari Bapu of Sri Krishna Birthplace Construction Trust, others

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे