डीडीसी चुनाव में भारी मतदान दर्शाता है कि लोगों ने वंशवादी शासन को खारिज कर दिया है: जितेंद्र सिंह
By भाषा | Updated: November 29, 2020 20:27 IST2020-11-29T20:27:47+5:302020-11-29T20:27:47+5:30

डीडीसी चुनाव में भारी मतदान दर्शाता है कि लोगों ने वंशवादी शासन को खारिज कर दिया है: जितेंद्र सिंह
जम्मू, 29 नवंबर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के पहले चरण में बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान करके वंशवादी शासन की अवधारणा को खारिज कर दिया है।
उधमपुर जिले के पहाड़ी इलाके पनचेरी में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डीडीसी चुनाव स्थानीय प्रतिनिधियों के लिए स्वायत्तता सुनिश्चित करेगा और मतदाताओं ने शासक परिवारों के लिए स्वायत्तता की अवधारणा को खारिज कर दिया है।
कार्मिक राज्य मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में पिछले छह वर्षों में, वोट बैंक या अन्य चीजों की परवाह किए बिना, विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है।"
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र को उसकी आवश्यकता के आधार पर मदद दिया गया है और अतीत के अन्याय को खत्म करने के लिए एक सजग प्रयास किया गया है।
सिंह ने कहा, "जिला विकास परिषद का चुनाव जमीनी स्तर पर स्वशासन के लिए होता है और मतदान के लिए भारी संख्या में लोगों ने बाहर निकलकर वंशवादी स्वशासन या वंशवादी स्वायत्तता की अवधारणा को खारिज कर दिया है।"
डीडीसी चुनाव जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद पहला चुनाव है। चुनाव के पहले चरण में शनिवार को लगभग 52 प्रतिशत मतदान हुआ।
सिंह ने दावा किया कि विपक्ष भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहा है और इसलिए, उन्होंने काम को अवरुद्ध करने के लिए एक विनाशकारी रुख अपनाया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।