लाइव न्यूज़ :

दिल्ली में जमे छत्तीसगढ़ के कई कांग्रेस विधायक, बृहस्पत सिंह ने कहा: बघेल के नेतृत्व में चलेगी सरकार

By भाषा | Updated: September 30, 2021 16:55 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 30 सितंबर छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा के बीच सत्ताधारी कांग्रेस के करीब 15 विधायक इन दिनों दिल्ली में जमे हुए हैं और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के राज्य के प्रस्तावित दौरे के संदर्भ में पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रखने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक माने जाने वाले विधायक बृहस्पत सिंह ने यह भी कहा कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का दूर-दूर तक कोई सवाल नहीं है और बघेल की अगुवाई में ही पांच साल सरकार चलेगी।

छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार के ढाई वर्ष पूरे होने के बाद से लगातार चर्चा है कि मुख्यमंत्री पद ढाई—ढाई वर्ष तक बघेल और फिर राज्य के वरिष्ठ नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को देने की बात हुई थी। ऐसे में ये विधायक बुधवार को दिल्ली पहुंचे। ।

उधर, विधायकों के दिल्ली पहुंचने के बारे पूछे जाने पर कांग्रेस के छत्तीसगढ़ मामलों के प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि उनसे किसी भी विधायक ने संपर्क नहीं किया है।

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने अपने दिल्ली दौरे के बारे में पूछे जाने पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम सिर्फ यह चाहते हैं कि राहुल गांधी जी छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहे हैं तो वहां ज्यादा दिनों तक रुकें ताकि कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़े। पीएल पुनिया जी लखनऊ में हैं। वह यहां आ जाएं तो उनके समक्ष हम अपनी बात रख देंगे।’’

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ पंजाब नहीं है। छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 70 विधायक हैं। पिछली बार 60 विधायकों ने अपनी भावनाओं से पार्टी आलाकमान को अवगत करा दिया और सारे मामले का पटाक्षेप हो गया।’’

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘बघेल अच्छा काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में हम पांच साल काम करेंगे और आगे भी उनके नेतृत्व में चुनाव लड़कर सरकार बनाएंगे। नेतृत्व परिवर्तन की दूर-दूर तक कोई बात नहीं हैं।’’

सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा के लोगों ने जिस तरह से मध्य प्रदेश में ग्वालियर महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) को गुमराह करके सरकार गिराई, अगर वैसे ही सरगुजा महाराज (टीएस सिंहदेव) को भी गुमराह करके सरकार गिराने की साजिश कर रहे हैं तो वे सफल नहीं होंगे। सरगुजा महाराज बहुत होशियार हैं, बहुत विद्वान हैं। वह खुद कह चुके हैं कि 100 जन्मों में भी वह कांग्रेस छोड़कर नहीं जा सकते।’’

गौरतलब है कि सिंहदेव छत्तीसगढ़ राज्य की पूर्व रियासत सरगुजा के राजा हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले विधायक बृहस्पत सिंह ने इस वर्ष जुलाई माह में आरोप लगाया था कि सिंहदेव के ​इशारे पर उनके काफिले पर हमला किया गया है। बाद में विधायक सिंह ने मामले को लेकर विधानसभा में खेद व्यक्त किया था।

छत्तीसगढ़ में वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही बघेल और सिंहदेव के बीच रिश्ते सहज नहीं हैं। जून 2021 में मुख्यमंत्री पद पर बघेल के ढाई वर्ष पूरे होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के खेमे ने दावा किया कि आलाकमान ने ढाई—ढाई वर्ष मुख्यमंत्री पद के लिए सहमति दी थी।

राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर हुए विवाद के बाद कांग्रेस आलाकमान ने विवाद को सुलझाने के लिए अगस्त में बघेल और सिंहदेव को दिल्ली बुलाया था। जब बघेल दिल्ली में थे तब कांग्रेस के 70 में से 54 विधायकों ने उनके समर्थन में दिल्ली का दौरा किया था।

दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने संवाददाताओं से कहा था कि पार्टी नेता राहुल गांधी उनके निमंत्रण पर राज्य का दौरा करने के लिए सहमत हुए हैं। बघेल ने यह भी कहा था कि जो लोग ढाई—ढाई वर्ष मुख्यमंत्री पद की बात कर रहे हैं वह राज्य में राजनीतिक अस्थिरता को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में आलाकमान के साथ बैठक के बाद बघेल और सिंहदेव नेतृत्व के मुद्दे पर कुछ भी कहने से परहेज करते रहे हैं लेकिन राज्य में दोनों गुटों के मध्य विवाद कम नहीं हुआ।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतPunjab Local Body Election Results: पंजाब में 22 जिला परिषद के 347 क्षेत्र और 153 पंचायत समिति के 2,838 क्षेत्रों में चुनाव, आप ने 63 और 54 फीसदी में विजय पताका लहराई, देखिए कौन जीता?

क्राइम अलर्टखेत में गई थी 3 साल की बच्ची, 25 वर्षीय कल्लू उठाकर घर ले गया और किया दुष्कर्म, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया अरेस्ट

क्रिकेटSyed Mushtaq Ali Trophy Final: टी20 विश्व कप में खेलेंगे इशान किशन?, 10 मैच, 10 पारी, 517 रन, 51 चौके और 33 छक्के, जानें प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज कौन?

क्रिकेटSyed Mushtaq Ali Trophy Final: फाइनल में 101 रन बनाकर किशन कारनामा? पहली बार चैंपियन झारखंड, हरियाणा को 69 रन से हराया, 5 शतक लगाकर अभिषेक शर्मा रिकॉर्ड की बराबरी?

भारतTelangana GP Polls Results: 4159 ग्राम पंचायतों में से कांग्रेस ने 2,246, बीआरएस ने 1,163 और भाजपा ने सीटें जीतीं

भारत अधिक खबरें

भारतमहाराष्ट्र नगर निगम चुनावः कांग्रेस को झटका, राजीव सातव की पत्नी और एमएलसी प्रज्ञा सातव भाजपा में शामिल

भारतगुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का दिया संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

भारतभाजपा में संगठन सर्वोपरि और संगठन ही शक्ति व विचारधारा ही प्राण?, भाजपा बिहार के नव नियुक्त अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यभार संभाला

भारतदिल्ली में CNG गाड़ियों को बड़ा झटका! अब इन वाहनों को नहीं मिलेगी गैस, निकलने से पहले जरूर देखें ये डॉक्यूमेंट

भारतPunjab Local Body Election Results: कुल 2838 जोन, आम आदमी पार्टी ने 1494, कांग्रेस 567, शिरोमणि अकाली दल ने 390 और भाजपा ने 75 जोन जीते