उत्तर प्रदेश में दो समूहों के बीच संघर्ष में व्यक्ति की मौत, आठ लोग घायल
By भाषा | Updated: July 24, 2021 11:08 IST2021-07-24T11:08:15+5:302021-07-24T11:08:15+5:30

उत्तर प्रदेश में दो समूहों के बीच संघर्ष में व्यक्ति की मौत, आठ लोग घायल
मुजफ्फरनगर (उप्र), 24 जुलाई उत्तर प्रदेश के शामली जिला में एक ही समुदाय के दो समूहों के बीच संघर्ष में कथित रूप से एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
झिंझाना पुलिस थाना के प्रभारी श्यामबीर सिंह ने बताया कि समस्या तब शुरू हुई जब शुक्रवार को रंगाना गांव में एक ट्यूबवेल नाले में बच्चों के नहाने के मुद्दे पर केशव सैनी और बिजेंद्र के बीच विवाद हुआ। विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया और दोनों व्यक्तियों के समर्थकों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंटों से वार किया।
उन्होंने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और आठ अन्य घायल हुए हैं। मृतक की पहचान घसीटा सिंह (60) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।