वीडियो: ममता बनर्जी ने कहा- 'महाभारत को काजी नजरुल इस्लाम ने लिखा था', वायरल हुआ वीडियो
By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: August 30, 2023 14:56 IST2023-08-30T14:55:15+5:302023-08-30T14:56:20+5:30
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें उन्होंने ये कहते हुए देखा जा सकता है कि महाभारत काजी नजरुल इस्लाम द्वारा लिखा गया था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें उन्होंने ये कहते हुए देखा जा सकता है कि महाभारत काजी नजरुल इस्लाम द्वारा लिखा गया था।
ममता बनर्जी ने टीएमसीपी स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा, "अकेले पढ़ाई से ही कोई व्यक्ति सही मायने में सीख नहीं पाता है। बड़ा दिल रखना पड़ता है। हमारे महापुरुषों ने क्या लिखा है, उसे पढ़ें और समझें। रवींद्रनाथ, नजरूल, विवेकानंद को पढ़ें.... महाभारत नजरुल इस्लाम ने लिखा था।"
बता दें कि काजी नजरूल इस्लाम को बंगाल के विद्रोही बार्ड के रूप में जाना जाता है। वह अपनी उपनिवेश विरोधी कविताओं और सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने वाले गीतों के लिए प्रसिद्ध हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने 'महाभारत' लिखा, जिसका श्रेय ऋषि वेद व्यास को जाता है।
इससे पहले टीएमसी प्रमुख ने कहा था कि पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 'चांद पर गईं' थीं। बंगाल की सीएम ने इससे पहले कहा था कि जब इंदिरा गांधी चंद्रमा पर पहुंचीं, तो उन्होंने राकेश (शर्मा) से पूछा कि वहां से हिंदुस्तान कैसा दिखता है। उन्होंने जवाब दिया 'सारे जहां से अच्छा'। ममता बनर्जा का ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
After sending Rakesh Roushan and Indira Gandhi to the Moon, Now Mahabharat was written by Nazrul Islam pic.twitter.com/WADTL4Mn7M
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) August 29, 2023
ममता की गलतियां यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा को अभिनेता ऋतिक रोशन के पिता और बॉलीवुड हस्ती राकेश रोशन समझ लिया। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के लोगों की ओर से, मैं इसरो को अपनी अग्रिम बधाई भेजता हूं। वैज्ञानिकों को श्रेय मिलना चाहिए। श्रेय देश को जाना चाहिए। जब राकेश रोशन चंद्रमा पर उतरे, तो पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने उनसे पूछा कि भारत वहां से कैसा दिखता है।"
पहले राकेश शर्मा को राकेश रोशन कहना और अब महाभारत को काजी नजरुल इस्लाम द्वारा लिखा गया बताने वाले वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी ट्रोलिंग का शिकार भी हो रही हैं।