2024 में भाजपा को सत्ता से बेदख़ल करना महात्मा गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी - मल्लिकार्जुन खड़गे
By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: September 17, 2023 04:00 PM2023-09-17T16:00:33+5:302023-09-17T16:01:44+5:30
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हैदराबाद में चल रही पार्टी की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में कहा कि देश बदलाव चाहता है, ये संकेत हमारे सामने है। हाल के चुनावों में कर्नाटक और उसके पहले हिमाचल प्रदेश में हम विजयी रहे, ये इस बात का प्रमाण हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फाइल फोटो)
हैदराबाद: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हैदराबाद में चल रही पार्टी की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस नेताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया और नसीहत देते हुए कहा कि वे एकजुट रहें तथा अपने व्यक्तिगत मतभेदों को दूर रखकर कांग्रेस की सफलता को प्राथमिकता दें और ऐसा कुछ नहीं करें, जिससे पार्टी को नुकसान हो।
बैठक में कांग्रेस नेताओं से आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में बदलाव के संकेत हैं और कर्नाटक एवं हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बात का प्रमाण हैं। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उसने अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए इस विषय पर समिति बनाई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सौंप दी।
बैठक में खड़गे ने कहा कि 2024 में महात्मा गांधी जी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है। 2023 कांग्रेस सेवादल की शताब्दी है। 2024 में भाजपा को सत्ता से बेदख़ल करना महात्मा गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगा। उन्होंने पार्टी नेताओं का आह्वान किया कि अहं या अपनी वाहवाही के लिए ऐसा कुछ न करें, जिससे पार्टी का नुकसान हो। खड़गे ने कहा कि अनुशासन के बगैर कोई नेता नहीं बनता। हम खुद अनुशासन में रहेंगे, तभी लोग हमारा अनुकरण करेंगे, हमारी बात मानेंगे।
विस्तारित कांग्रेस कार्यसमिति बैठक में मेरे वक्तव्य के कुछ अंश —
— Mallikarjun Kharge (@kharge) September 17, 2023
• आज ऐतिहासिक दिन है। 1948 में आज ही के दिन हैदराबाद आज़ाद हुआ। कांग्रेस ने लंबी लड़ाई लड़ी। नेहरूजी और सरदार पटेल साहेब ने हैदराबाद को मुक्त कराया।
• हैदराबाद की इस बैठक के संदेश का देश इंतजार कर रहा है। आज का… pic.twitter.com/GTDtHYpZ4b
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए, नए-नए मसले लाकर ध्यान भटकाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में हमारी सरकार हैं, उनके अच्छे कामों को प्रचारित करना है। हमें यह भी बताना है कि केंद्र सरकार कैसे हमारी सरकारों की प्रगति में रोड़े डालती है। जहां हम विपक्ष में हैं, वहां हमें सत्तारूढ़ दल की खामियों और जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करना है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं से आने वाले विधानसभा और लोक सभा चुनावों के लिए भी तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि हम कर्नाटक में हम एकजुट रहे, जिसका नतीजा सबने देखा। अगले दो-तीन महीनों में पांच राज्यों के चुनाव तय हैं। लोकसभा चुनाव महज़ छह महीने दूर हैं। जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, हमें ये भी ध्यान रखना होगा।
खड़गे ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों से हम लोग अवगत हैं। ये चुनौतियाँ असल में भारतीय लोकतंत्र की चुनौतियां हैं। देश को संविधान को बचाने की चुनौती है। SC/ST/BC महिलाओं, ग़रीबों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों को बचाने की चुनौती है। कांग्रेस के अपने 138 सालों के गौरवशाली इतिहास में एक से एक बड़ी चुनौतियों पर विजय हासिल की। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हमारी राज्य सरकारों ने सामाजिक न्याय का नया मॉडल बनाया है। इसके बारे में हमें पूरे देश को बताना है। हमें वोटर के साथ लगातार संपर्क में रहना है। उनके सवालों का जवाब देना है। विरोधियों द्वारा फैलायी जा रही झूठी बातों की हमे तुरंत काट करनी है। मुद्दों और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी है।