कोराडी थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा: गरम राख गिरने से 8 कर्मचारी झुलसे, 4 का इलाज जारी
By फहीम ख़ान | Updated: April 13, 2026 19:46 IST2026-04-13T19:46:12+5:302026-04-13T19:46:12+5:30
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है. झुलसे कर्मचारियों में 4 कर्मचारी महाजेनको के हैं, जबकि अन्य 4 ठेका पद्धति पर काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं.

कोराडी थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा: गरम राख गिरने से 8 कर्मचारी झुलसे, 4 का इलाज जारी
नागपुर :नागपुर के कोराडी स्थित थर्मल पावर प्लांट में सोमवार सुबह एक गंभीर हादसा हो गया. एएचपी (ऐश हैंडलिंग प्लांट) विभाग में अचानक गर्म राख गिरने से 8 कर्मचारी झुलस गए, जिससे पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है. झुलसे कर्मचारियों में 4 कर्मचारी महाजेनको के हैं, जबकि अन्य 4 ठेका पद्धति पर काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं. घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को मानकापुर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद 4 कर्मचारियों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 4 का इलाज अभी जारी है.
इस बीच, जब प्लांट के वेलफेयर ऑफिसर और सेफ्टी ऑफिसर से संपर्क किया गया, तो दोनों ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया. इससे पहले भी यूनिट नंबर 8 में हुई एक दुर्घटना को लेकर अधिकारियों द्वारा जानकारी देने से बचने का मामला सामने आया था.
हालांकि, अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, हादसे के पीछे तकनीकी खामी या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल घटना के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की जांच कराए जाने की संभावना है. घटना ने एक बार फिर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं.