महाराष्ट्र : सड़क मार्ग बाधित होने के कारण अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत

By भाषा | Updated: September 8, 2021 18:13 IST2021-09-08T18:13:51+5:302021-09-08T18:13:51+5:30

Maharashtra: Woman dies while being taken to hospital due to road blockage | महाराष्ट्र : सड़क मार्ग बाधित होने के कारण अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत

महाराष्ट्र : सड़क मार्ग बाधित होने के कारण अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत

मुंबई, आठ सितंबर महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में लगातार बारिश के बाद भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बाधित होने से समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के चलते एक बीमार महिला की मौत हो गई। महिला का पति उसे अपने कंधों पर उठाकर अस्पताल ले जा रहा था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक बीमार पत्नी को बचाने के लिए व्यक्ति ने उसे अपने कंधों पर उठा लिया और सरकारी अस्पताल पहुंचने के लिए कुछ दूर तक नंगे पैर पैदल ही चला। लेकिन, शिल्दीबाई पदवी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही अपने पति के कंधों पर दम तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक नंदुरबार के ढड़गांव क्षेत्र के चांदसैली गांव की रहने वाली शिल्दीबाई पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थी। बुधवार सुबह पेट में दर्द होने की शिकायत के बाद उसके पति ने उसे नजदीकी अस्पताल में ले जाने का फैसला किया।

हाल ही भारी बारिश के बाद चांदसैली घाट पर भूस्खलन के कारण शहर को जोड़ने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई थी, और पदवी के पति के पास अस्पताल तक पहुंचने के लिए परिवहन का कोई अन्य रास्ता या साधन भी नहीं था। कोई साधन नहीं मिलने के कारण अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए व्यक्ति ने उसे कंधे पर उठाकर नंगे पांव ही अस्पताल की ओर चलना शुरू कर दिया। लेकिन, कुछ दूर चलने के बाद ही शिल्दीबाई ने दम तोड़ दिया।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क से भूस्खलन का मलबा हटाना शुरू कर दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Maharashtra: Woman dies while being taken to hospital due to road blockage

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे