महाराष्ट्र: राज्य में मेगा तबादलों की तैयारी! 3 और IAS के ट्रांसफर को सीएम उद्धव ठाकरे की हरी झंडी
By लोकमत समाचार ब्यूरो | Updated: December 7, 2019 07:56 IST2019-12-07T07:56:59+5:302019-12-07T07:56:59+5:30
Uddhav Thackeray govt: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार बड़े तबादलों की तैयारी में है, सीएम ने दी तीन आईएएस के ट्रांसफर को मंजूरी

उद्धव ठाकरे सरकार राज्य में बड़े पैमाने पर तबादले की तैयारी में
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फड़नवीस सरकार के कार्यकाल की परियोजनाओँ की समीक्षा करने का निर्णय करने के साथ ही अब पूर्व मुख्यमंत्री फड़नवीस की मर्जी वाले अधिकारियों को दूर करने का काम शुरू कर दिया है।
मंत्रिमंडल का विस्तार होते ही बड़े पैमाने पर तबादले किए जाने के आसार हैं। इस सिलसिले में 3 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें मुंबई महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी भी शामिल हैं। ठाकरे ने 2 दिन पहले मराठवाड़ा के 2 आईएएस अफसरों के तबादले किए थे।
अश्विनी जोशी को समग्र शिक्षा अभियान परियोजना का निदेशक बनाया गया है। उनके स्थान पर एस.एम. कांकानी को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सहायक आयुक्त सुमन चंद्रा को बुलढाणा का जिलाधिकारी नियुक्त किया हया है।
अश्विनी जोशी पूर्व मुख्यमंत्री फड़नवीस की काफी भरोसेमंद मानी जाती हैं। उन्हें मुंबई मनपा के कामकाज पर नजर रखने के लिए ही भेजा गया था। मनपा में सत्ताधारी शिवसेना ने उनसे एक चिकित्सा योजना का काम ठीक से नहीं करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी, लेकिन जोशी ने कार्रवाई करने के बजाय उक्त ठेकेदार को एक और मौकादेने का निर्णय किया।
इसके चलते शिवसेना ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का प्रयास किया था। जोशी के पास चिकित्सा और घन कचरा विभाग की जिम्मेदारी थी।
गुरुवार को ही मुख्यमंत्री ने मुंबई मनपा के मुख्यालय में समन्वय समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर जरूरी जानकारी प्राप्त की थी। उसके 24 घंटे के अंदर अश्विनी जोशी का तबादला किया गया।