महाराष्ट्र के ठाणे में अस्पताल में लगी आग, चार मरीजों की मौत
By विनीत कुमार | Updated: April 28, 2021 08:24 IST2021-04-28T07:51:20+5:302021-04-28T08:24:07+5:30
मुंबई से सटे ठाणे के प्राइम क्रिटिकेयर अस्पताल में बुधवार तड़के आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है। इस अस्पताल में कोई कोविड मरीज भर्ती नहीं था।

ठाणे में अस्पताल में लगी आग (फोटो-एएनआई)
महाराष्ट्र के ठाणे में एक निजी अस्पताल में बुधवार तड़के आग लगने के बाद चार मरीजों की मौत हो गई है। मरीजों की मौत उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने के दौरान हुई। ठाणे म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन की ओर से इस संबंध में जानकारी दी गई है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार ठाणे के मुंब्रा में स्थित प्राइम क्रिटिकेयर अस्पताल में आग बुधवार तड़के करीब 3.40 बजे लगी। इसके बाद आनन-फानन में दमकल की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर आग पर काबू पाने के लिए भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार आग पर काबू अब पा लिया गया है।
Today at around 03:40 am fire broke out at Prime Criticare Hospital in Mumbra, Thane. Two fire engines & one rescue vehicle are at the spot. Fire extinguishing underway. Four dead during shifting of patients to another hospital: Thane Municipal Corporation#Maharashtrapic.twitter.com/QR4NNYZd8Y
— ANI (@ANI) April 28, 2021
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार आग लगने के बाग करीब 20 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। इसमें छह मरीज आईसीयू में भर्ती थे। अधिकारियों के अनुसार आग से अस्पताल की पहली मंजिल बुरी तरह प्रभावित हुई है। इस अस्पताल में कोई कोविड मरीज भर्ती नहीं था।
इस बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और विधायक जितेंद्र अव्हाद ने बताया है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को घटना की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायलों के लिए 1 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। वहीं मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है।
साथ ही घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए है। अव्हाद ने बताया कि आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। समिति में ठाणे नगर निगम के अधिकारी और पुलिस तथा मेडिकल के अधिकारी भी शामिल होंगे। बता दें कि हाल में महाराष्ट्र के विरार में भी अस्पताल में आग लगने के बाद आईसीयू में भर्ती 14 मरीजों की मौत हो गई थी।