महाराष्ट्र : लातूर में दो नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म, परिजन सहित 10 गिरफ्तार
By भाषा | Updated: December 13, 2021 20:38 IST2021-12-13T20:38:43+5:302021-12-13T20:38:43+5:30

महाराष्ट्र : लातूर में दो नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म, परिजन सहित 10 गिरफ्तार
लातूर (महाराष्ट्र), 13 दिसंबर महाराष्ट्र के लातूर जिले में दो किशोरी बहनों के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में परिजन सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों बहनों ने मामा के उत्पीड़न से तंग आकर घर छोड़ दिया था और पुणे चली गई थीं, जहां से उन्हें इस साल जुलाई में बचाया गया और उन्हें यहां के मुरुड स्थित बाल गृह में रखा गया।
उन्होंने बताया, ‘‘दोनों बहनें, मां के घर छोड़कर चले जाने और पिता के नशेड़ी बनने के बाद अपनी दादी के साथ रहती थीं। उन्होंने बताया कि उनके मामा और रिश्ते के भाई ने उनके साथ दुष्कर्म किया। बड़ी बहन की उम्र 17 साल है और उसकी इस साल मई में शादी हुई थी लेकिन वह अपना ससुराल छोड़कर वापस आ गई थी। छोटी बहन की उम्र 15 साल है।’’
सहायक पुलिस निरीक्षक दीपाली गीते ने बताया कि दोनों बहनों ने पांच दिसंबर को एमआईडीसी और गेटगांव पुलिस थाने में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में बड़ी बहन का पति और परिजन शामिल हैं जिनपर बाल विवाह और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।