महाराष्ट्र: पैठण के मंदिर में 25 साल के शख्स ने काटा अपना ही गला, क्या है ये पूरा मामला, जानिए
By विनीत कुमार | Updated: December 13, 2020 08:52 IST2020-12-13T08:45:56+5:302020-12-13T08:52:58+5:30
महाराष्ट्र के पैठण में मंदिर में शख्स ने अपना गला काट कर खून शिवलिंग पर चढ़ा रहा था। उसकी वहीं मौत हो गई। पुलिस ने बताया है कि इस घटना के चार प्रत्यक्षदर्शी हैं।

महाराष्ट्र: मंदिर में शख्स ने काटा अपना ही गला, मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
महाराष्ट्र के पैठण में एक शिव मंदिर में 25 साल के शख्स के मृत मिलने के बाद अफरातफरी मच गई। शख्स का गला कटा हुआ था। पुलिस ने आशंका जताई है कि शख्स ने अघोरी प्रथा और तंत्र-मंत्र संबंधित अभ्यास के लिए खुद ही अपना गला काटा है। मरने वाले इस व्यक्ति की पहचान नंदू घुंगासे के तौर पर हुई है।
औरंगाबाद से करीब 60 किमी दूर हुई इस घटना में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार घुंगासे कहारवाड़ गांव का एक मछुआरा था।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार एएसपी गोरख भामरे ने बताया, 'हमारे पास चार प्रत्यक्षदर्शी हैं जो ये बता रहे हैं कि उन्होंने घुंगासे को खुद अपना गला काटते और मंदिर में मौजूद शिवलिंग पर चढ़ाते देखा था।'
पुलिस को शुरुआती जांच में ये बात भी पता चली है कि घुंगासे हर दिन आकर कई घंटे तक मंदिर में बैठा करता था और अघोरी अभ्यास में भी शामिल था।
घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचाने वाले पुलिसकर्मी में से एक ने बताया, 'एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इससे पहले कि वे कुछ कर पाते, शख्स ने अपना गला काट लिया था और शिवलिंग पर खून चढ़ाने लगा था।
इसके बाद वे चारों डर गए थे। उन्हें डर था कि पुलिस उनसे सवाल-जवाब कर सकती है और उन्हें शख्स की मौत का जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। उन्होंने किसी को इस बारे में नहीं बताया।'
पुलिस के अनुसार पहले चारों प्रत्यक्षदर्शी सामने आने को तैयार नहीं थे। बाद में एक शख्स ने सहमति जताई और पूरी बात पुलिस को बता दी। उसके दावे का दूसरे प्रत्यक्षदर्शियों से भी मिलान किया गया और बात सही साबित हुई।
ये घटना पैठण शहर के गगभट्ट चौक में सिद्धि अली दरगाह के पास स्थित मंदिर में हुई। बिहारी परदेशी नाम का एक व्यक्ति गुरुवार को घटना के दिन पूजा करने के लिए मंदिर में गया था। उसी ने सबसे पहले घुंगासे को वहां मृत पड़ा देखा।
परदेशी ने वहां से गुजर रहे और लोगों को इस बारे में बताया और फिर पुलिस को मामले के बारे जानकारी दी गई। इसके बाद तत्काल युवक का शव अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।