पुणे, 16 सितंबर महाराष्ट्र के पुणे जिले में बृहस्पतिवार को औद्योगिक क्षेत्र की एक इकाई में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कुछ लोगों के आग में फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सुबह दस बज कर करीब बीस मिनट पर सिंहगढ़ रोड स्थित भाऊ औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।’’
दमकल कर्मचारियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।