महाराष्ट्र चुनाव: NCP ने 77 उम्मीदवारों की सूची जारी की, अजीत पवार, भुजबल, रोहित पवार के नाम शामिल
By भाषा | Updated: October 3, 2019 01:16 IST2019-10-03T01:09:34+5:302019-10-03T01:16:02+5:30
अजीत पवार बारामती से चुनावी किस्मत आजमाएंगे। राज्य राकांपा प्रमुख जयंत पाटिल इस्लामपुर से और भुजबल येवला से चुनाव लड़ेंगे।

एनसीपी प्रमुख शरद पवार की फाइल फोटो।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने बुधवार को 77 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की, जिसमें वरिष्ठ नेता अजीत पवार, जयंत पाटिल और छगन भुजबल के नाम शामिल हैं। पार्टी प्रमुख शरद पवार के पौत्र रोहित पवार अहमदनगर जिले के करजत जामखेड़ से पहली बार चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनका मुकाबला भाजपा के विधायक एवं मंत्री राम शिंदे से होगा।
अजीत पवार बारामती से चुनावी किस्मत आजमाएंगे। राज्य राकांपा प्रमुख जयंत पाटिल इस्लामपुर से और भुजबल येवला से चुनाव लड़ेंगे।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे पर्ली से तथा मुंबई राकांपा अध्यक्ष नवाब मलिक मुंबई के अणुशक्तिगनर से चुनाव लड़ेंगे।
केज सीट से पार्टी ने पृथ्वीराज साठे को चुनाव में उतारा है। इससे पहले पार्टी ने इस सीट से नमिता मूंदड़ा के नाम की घोषणा की थी लेकिन वह पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गईं और उन्हें भाजपा ने इसी सीट से प्रत्याशी घोषित किया है।