महाराष्ट्र: पुणे के कोरोना हॉटस्पॉट क्षेत्र में एम्बुलेंस के इंतजार में एक व्यक्ति की मौत
By भाषा | Updated: May 17, 2020 05:50 IST2020-05-17T05:50:15+5:302020-05-17T05:50:15+5:30
मृतक के परिजन और पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार तड़के एम्बुलेंस के इंतजार में इस व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुणे नगर निगम आयुक्त शेखर गायकवाड ने शनिवार को कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर ‘108 एम्बुलेंस सेवा’ के साथ आंचलिक एवं वार्ड के अधिकारियों को भी नोटिस जारी किया है।

तस्वीर का इस्तेमाल केवल प्रतीकात्मक तौर पर किया गया है। (फाइल फोटो)
पुणे में कोरोना वायरस हॉटस्पॉट (कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्र) क्षेत्र नाना पेठ इलाके में कथित तौर पर एम्बुलेंस के इंतजार में 54 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक के परिजन और पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार तड़के एम्बुलेंस के इंतजार में इस व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुणे नगर निगम आयुक्त शेखर गायकवाड ने शनिवार को कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर ‘108 एम्बुलेंस सेवा’ के साथ आंचलिक एवं वार्ड के अधिकारियों को भी नोटिस जारी किया है।
मृतक के बेटे ने कहा, '' बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे मेरे पिता शौचालय में गिर गए। हमने उन्हें कुर्सी पर बिठाया और कई बार 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वह रात करीब 1:30 बजे तक होश में थे। हम उन्हें एक टेंपो के जरिए सासून अस्पताल ले गये, लेकिन शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।''
उन्होंने कहा, '' हमें बताया गया कि मेरे पिता की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। अगर एम्बुलेंस समय पर आ जाती, तो मेरे पिता की जान बच सकती थी।''