महाराष्ट्र स्थानीय चुनाव परिणाम: नगर परिषद में 246 सीट, भाजपा 100, एनसीपी 33 और शिवसेना 45 सीट पर आगे?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 21, 2025 17:03 IST2025-12-21T17:01:51+5:302025-12-21T17:03:57+5:30
Maharashtra local election results: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता उपाध्याय ने कहा कि विदर्भ में 100 में से 58 सीट पर पार्टी बढ़त बनाए हुए है, जबकि शिवसेना आठ और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सात सीट पर आगे है।

file photo
मुंबईः महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता केशव उपाध्याय ने रविवार को दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों के शुरुआती रुझानों के अनुसार पार्टी ने राज्य के कई हिस्सों में बढ़त बना ली है। महाराष्ट्र में 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के लिए हुए चुनावों के आधिकारिक परिणाम अभी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नहीं किए गए हैं। नगर परिषद की 246 सीट में से 100 सीट पर भाजपा, शिवसेना 45 और एनसीपी 33 सीट पर आगे हैं।
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता उपाध्याय ने कहा कि विदर्भ में 100 में से 58 सीट पर पार्टी बढ़त बनाए हुए है, जबकि शिवसेना आठ और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सात सीट पर आगे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 23 सीट पर आगे है, जबकि शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (एसपी) किसी भी सीट पर आगे नहीं हैं, और अन्य पार्टियां चार सीट पर आगे हैं।
उपाध्याय ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने मराठवाड़ा की 52 सीटों में से 25 सीटों पर बढ़त बना ली है। उन्होंने कहा कि शिवसेना आठ सीट पर और राकांपा छह सीट पर आगे है। भाजपा नेता ने कहा कि उत्तरी महाराष्ट्र में, जहां 49 सीट हैं, भाजपा 18 सीट पर, शिवसेना 11 सीट पर और राकांपा सात सीट पर आगे है,
जबकि कांग्रेस पांच सीट पर, शिवसेना (उबाठा) दो सीट पर, राकांपा (एसपी) एक सीट पर और अन्य पांच सीट पर आगे हैं। उपाध्याय ने कहा कि पश्चिमी महाराष्ट्र की 60 सीट में से 19 सीट पर भाजपा आगे है, जबकि शिवसेना 14 और राकांपा 12 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
कांग्रेस तीन सीट पर, शिवसेना (उबाठा) एक सीट पर, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (एसपी) चार सीट पर और अन्य सात सीट पर आगे है। कोंकण क्षेत्र की 27 सीट में से भाजपा नौ सीट पर, शिवसेना 10 सीट पर, राकांपा एक सीट पर, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (एसपी) एक-एक सीट पर और अन्य चार सीट पर बढ़त बनाए हुए है।