महाराष्ट्र: हत्या मामले में कबाड़ व्यापारी गिरफ्तार
By भाषा | Updated: January 2, 2021 14:52 IST2021-01-02T14:52:27+5:302021-01-02T14:52:27+5:30

महाराष्ट्र: हत्या मामले में कबाड़ व्यापारी गिरफ्तार
ठाणे, दो जनवरी महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में 30 वर्षीय एक कबाड़ व्यापारी को पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
भिवंडी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक एस डी कोकाटे ने कहा कि 28 वर्षीय कृष्णा केसरवानी की हत्या की गयी है और वह भी कबाड़ व्यापारी था।
उन्होंने बताया कि पीड़ित के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार केसरवानी 25 दिसंबर को घर से निकला लेकिन लौटा नहीं। परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
कोकाटे ने बताया, ‘‘ 31 दिसंबर को पुलिस को बेहद बुरी हालत में और आंशिक तौर पर जले एक शव के बारे में जानकारी मिली जो कि चविंद्रा गांव में निर्जन स्थान पर पड़ा था। शव पर जख्मों के निशान थे। बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।’’
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़ित का सोहेल खान के साथ धन को लेकर विवाद था। इसके बाद खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान ने 25 दिसंबर को पीड़ित की कथित तौर पर हत्या कर दी थी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की थी।
आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एक स्थानीय अदालत ने आरोपी को सात जनवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।