औरंगाबाद का नाम बदलने से महाराष्ट्र सरकार गिर सकती है : आठवले
By भाषा | Updated: January 3, 2021 22:49 IST2021-01-03T22:49:07+5:302021-01-03T22:49:07+5:30

औरंगाबाद का नाम बदलने से महाराष्ट्र सरकार गिर सकती है : आठवले
पालघर, तीन जनवरी केंद्रीय मंत्री और आरपीआई (ए) नेता रामदास आठवले ने रविवार को कहा कि औरंगाबाद का नाम बदलने पर महाराष्ट्र सरकार गिर सकती है। इसके साथ ही उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन से कहा कि वह इस मुद्दे पर किसी विवाद में नहीं उलझे।
आठवले ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही राज्य में भाजपा-आरपीआई की सरकार सत्ता में होगी और यह गठबंधन 2022 में होने वाला बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव भी जीतेगा।
केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री ने ‘भविष्यवाणी’ की कि मुंबई के महापौर भाजपा से होंगे और उप महापौर उनकी पार्टी आरपीआई (ए) से होंगे।
आठवले ने केंद्र के नए कृषि कानूनों का भी समर्थन किया और कहा कि वे किसानों के लिए फायदेमंद होंगे तथा प्रदर्शनकारी उन्हें निरस्त कराने में सफल नहीं होंगे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।