महाराष्ट्र: एनसीबी के गवाह गोसावी के खिलाफ धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज

By भाषा | Updated: October 31, 2021 15:38 IST2021-10-31T15:38:02+5:302021-10-31T15:38:02+5:30

Maharashtra: Fresh case of cheating registered against NCB witness Gosavi | महाराष्ट्र: एनसीबी के गवाह गोसावी के खिलाफ धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज

महाराष्ट्र: एनसीबी के गवाह गोसावी के खिलाफ धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज

पुणे, 31 अक्टूबर क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ मिलने के मामले में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के गवाह किरन गोसावी के खिलाफ एक व्यक्ति की शिकायत पर पुणे पुलिस ने धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि शनिवार रात को यहां वानावड़ी थाने में नया मामला दर्ज किया गया।

फरसखाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को 2018 के एक मामले में गोसावी को गिरफ्तार किया था। उसे दो लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का वादा करके कथित रूप से उन्हें धोखा देने के मामले में गिरफ्तार किया गया और पांच नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

एक और मामला शुक्रवार को लश्कर थाने में दर्ज किया गया। तीन लोगों ने शिकायत में आरोप लगाया कि गोसावी ने उन्हें 2020 में मलेशिया में नौकरी दिलाने का वादा करके चार लाख रुपये का चूना लगाया।

वानावड़ी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दीपक लगाड ने कहा कि शनिवार रात को गोसावी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 तथा 409 के तहत और शस्त्र अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एक और मामला दर्ज किया गया। इस बाबत यहां हडपसर इलाके के रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ताजा शिकायत में गोसावी पर मलेशिया में नौकरी दिलाने के बहाने 1.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि जब फरियादी को नौकरी नहीं मिली तो उसने गोसावी से संपर्क किया जिसने कथित तौर पर हथियार दिखाकर धमकाया।

गत दो अक्टूबर को मुंबई के तट के पास एक क्रूज जहाज पर एनसीबी के छापे के समय गोसावी मौजूद था। इस छापे में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था जिन्हें शनिवार को जमानत पर रिहा किया गया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Maharashtra: Fresh case of cheating registered against NCB witness Gosavi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे