महाराष्ट्र फ्लोर टेस्ट: जानें सत्ता का समीकरण, देवेंद्र फड़नवीस और एनसीपी-कांग्रेस-शिवसेना का पास कितने विधायक
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 26, 2019 12:24 IST2019-11-26T11:38:53+5:302019-11-26T12:24:23+5:30
एनसीपी विधायक दल के नेता के तौर पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार और जयंत पाटिल दोनों दावा कर रहे हैं। आखिरी फैसला प्रोटेम स्पीकर लेंगे।

महाराष्ट्र में 23 नवंबर को देवेंद्र फड़नवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल को निर्देश दिया कि वह 27 नवंबर को राज्य विधानसभा में शक्ति परीक्षण सुनिश्चित करें। अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। शीर्ष अदालत ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को निर्देश दिया कि वह यह भी सुनिश्चित करें कि सदन के सभी निर्वाचित सदस्य बुधवार को ही शपथ ग्रहण करें। अदालत ने कहा कि समूची प्रक्रिया पांच बजे तक पूरी हो जानी चाहिए।
न्यायमूर्ति एन वी रमण, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की पीठ ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा में शक्ति परीक्षण के दौरान गुप्त मतदान नहीं हो और विधानसभा की पूरी कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए। राज्यपाल राज्य विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष को भी नियुक्त करेंगे जो नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलवाएंगे।
जानें सत्ता का पूरा समीकरण
| पार्टी का नाम | कितनी सीटों पर मिली जीत (कुल 288 सीटें) |
| भारतीय जनता पार्टी | 105 |
| शिवसेना | 56 |
| नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी | 54 |
| इंडियन नेशनल कांग्रेस | 44 |
| निर्दलीय | 13 |
| बहुजन विकास अघाड़ी | 03 |
| ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन | 02 |
| प्रहर जनशक्ती पक्ष | 02 |
| समाजवादी पार्टी | 02 |
| कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) | 01 |
| जन सुराज्य शक्ति | 01 |
| क्रांतिकारी शेतकरी पार्टी | 01 |
| महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना | 01 |
| राष्ट्रीय समाज पक्ष | 01 |
| स्वाभिमानी पक्ष | 01 |
| पीजैन्ट्स एण्ड वर्कर्स पार्टी ऑफ इण्डिया | 01 |
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने महाराष्ट्र विधानसभा में बुधवार को शक्ति परीक्षण कराए जाने के उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर मंगलवार को संतुष्टि जाहिर की और कहा कि शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा को सदन में बहुमत हासिल है। उन्होंने कहा, “शिवसेना, कांग्रेस, राकांपा महाराष्ट्र विधानसभा में शक्ति परीक्षण के संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश से संतुष्ट है। संविधान दिवस के दिन संविधान का सम्मान हुआ। चव्हाण ने कहा, “हमें भरोसा है कि महाराष्ट्र विधानसभा में हमारे पास बहुमत है। भाजपा के दावे की सचाई की कल पोल खुल जाएगी।”