महाराष्ट्र: सतारा भूस्खलन, वर्षा जनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हुई

By भाषा | Updated: July 25, 2021 20:43 IST2021-07-25T20:43:50+5:302021-07-25T20:43:50+5:30

Maharashtra: Death toll rises to 37 in Satara landslides, rain-related incidents | महाराष्ट्र: सतारा भूस्खलन, वर्षा जनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हुई

महाराष्ट्र: सतारा भूस्खलन, वर्षा जनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हुई

पुणे, 25 जुलाई महाराष्ट्र के सतारा जिले में पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई भूस्खलन और बारिश से संबंधित कई घटनाओं में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 37 हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

अधिकारियों ने बताया कि पांच भूस्खलन स्थानों - अंबेघर, ढोकावाले, मीरगांव, काहिर (सभी गांव पाटन तहसील के तहत) और कोंधावाले गांव (वाई तहसील) से 26 शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शेष व्यक्तियों की जान बाढ़ के पानी में डूबने, छत गिरने जैसी बारिश से संबंधित दुर्घटनाओं में गई।

सतारा के कलेक्टर शेखर सिंह ने कहा, ‘‘कम से कम नौ लोगों की तलाश के लिए अभियान अभी भी जारी है। उनमें से पांच के पाटन में भूस्खलन की घटनाओं में फंसे होने की आशंका है, जबकि दो-दो व्यक्ति जावली और वाई में बाढ़ के पानी में बह गए।’’

पश्चिमी महाराष्ट्र जिले के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक अंबेघर भूस्खलन स्थल से 11, मीरगांव से आठ, ढोकावाले से चार और काहिर से एक शव बरामद किया गया है। वाई के कोंधावाले गांव से बृहस्पतिवार को भूस्खलन के कारण दो लोगों के हताहत होने की सूचना है।

उन्होंने कहा कि मृतकों में से पुरुषों की कुल संख्या 19 है, शेष महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों में से कम से कम आठ नाबालिग हैं।

अंबेघर में, सभी 11 सदस्य जिनके शव बरामद किए गए हैं, वे कोलेकर नाम के परिवार के थे, जबकि मीरगांव में आठ मृतक बकाडे परिवार के थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Maharashtra: Death toll rises to 37 in Satara landslides, rain-related incidents

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे