महाराष्ट्र: अरविंद केजरीवाल नहीं हो पाएंगे उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में 'शामिल'
By भाषा | Updated: November 27, 2019 22:45 IST2019-11-27T22:45:36+5:302019-11-27T22:45:36+5:30
Arvind Kejriwal: गुरुवार को होने वाले उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के शामिल होने की संभावना नहीं है

अरविंद केजरीवाल के उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण में शामिल होने की संभावना नहीं
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उद्धव ठाकरे बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "केजरीवाल पहले से तय कार्यक्रमों के चलते कल महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत नहीं कर पाएंगे।" ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में केजरीवाल के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और द्रमुक नेता एम के स्टालिन को भी आमंत्रित किया गया है।
इससे पहले इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के शामिल ने होने की खबरों के बाद उद्धव ठाकरे के बेटे और वर्ली से विधायक आदित्य ठाकरे बुधवार देर रात दिल्ली पहुंचे और सोनिया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास जाकर उन्हें इस शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए आमंत्रित किया।
शिवसेना सांसद विनायक राउत ने कहा कि पार्टी ने कद्दावर राजनीतिक नेताओं के अलावा आत्महत्या कर चुके किसानों के परिवार के सदस्यों समेत लगभग 400 किसानों आमंत्रित किया है। शपथ मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम छह बजकर 40 मिनट पर ली जाएगी।