महाराष्ट्र: पानी से भरी खदान में डूबने से तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, एक बच्चे को बचाने के दौरान हुआ हादसा
By विशाल कुमार | Updated: May 8, 2022 09:26 IST2022-05-08T09:23:48+5:302022-05-08T09:26:38+5:30
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में पानी की किल्लत के चलते परिवार के लोग खदान में कपड़े धोने गए थे। महिलाएं कपड़े धो रही थीं, तभी उनके साथ मौजूद एक बच्चा खदान में गिर गया, जिसके बाद वे उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। लेकिन पांचों डूब गए।

महाराष्ट्र: पानी से भरी खदान में डूबने से तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, एक बच्चे को बचाने के दौरान हुआ हादसा
मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शनिवार को पानी से भरी खदान में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच सदस्य डूब गए। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। घटना मुंबई से सटे डोंबिवली के पास संदप गांव में शनिवार को शाम 4 बजे हुई।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने कहा कि परिवार के सदस्य साथ में आए एक बच्चे को बचाने के लिए खदान में कूद गए थे, जो फिसल कर पानी में गिर गया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में पानी की किल्लत के चलते परिवार के लोग खदान में कपड़े धोने गए थे। महिलाएं कपड़े धो रही थीं, तभी उनके साथ मौजूद एक बच्चा खदान में गिर गया, जिसके बाद वे उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। लेकिन पांचों डूब गए।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मीरा गायकवाड़, उनकी 30 वर्षीय बहू अपेक्षा और तीन पोतों 15 वर्षीय मयूरेश, 13 वर्षीय मोक्ष और 15 वर्षीय नीलेश के रूप में हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक महिला और उसकी बहू खदान के पास कपड़े धो रहे थे, तभी पास में बैठे महिला के तीन पोते-पोतियों में से एक पानी में फिसल गया। बाकी चारों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की लेकिन वे सभी डूब गए।
अधिकारी ने कहा कि शवों को बाहर निकाल लिया गया है और डोंबिवली पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।