महावितरण के अकोला परिमंडल का बकाया आंकड़ा दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है. परिमंडल के 1 लाख 11 हजार 995 ग्राहकों ने अप्रैल माह के बाद एक भी बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है. जिसके चलते बिजली बिलों को लेकर 52 करोड़ 49 लाख 6 हजार 202 रुपए बकाया हैं.
बकाया बढ़ानेवाले ग्राहकों पर कार्रवाई करने के लिए तथा नियमित बिलों का भुगतान करने के लिए ग्राहकों को अखंडित सेवा देने की मुहिम महावितरण ने शुरू की है. अप्रैल माह के बाद एक भी बिजली बिल का भुगतान नहीं करनेवाले ग्राहकों में घरेलू, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक ग्राहकों का समावेश है.
इसमें अकोला जिले के 34 हजार 500 ग्राहक हैं. जिनकी ओर बिजली बिलों को लेकर 17 करोड़ 99 लाख 32 हजार 277 रुपए बकाया है. बुलढाणा जिले के 53 हजार 947 ग्राहकों का बकायादारों में समावेश है. उन्होंने 23 करोड़ 21 लाख 47 हजार 757 रुपए बकाया है तथा वाशिम जिले के 23 हजार 467 ग्राहकों ने अप्रैल के बाद एक भी बिजली बिल नहीं भरा, जिसके चलते बिजली बिल को लेकर 11 करोड़ 28 लाख 30 हजार 167 रुपए बकाया हैं.